शामली

जर्जर भवन को लेकर दुकानदारों से विवाद में भवन मालिकों ने रखा पक्ष

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

शामली। शहर के धीमानपुरा स्थित दुकानों को लेकर दुकानदारों और भवन मालिकों के बीच चल रहे विवाद में गुरुवार को भवन मालिकों ने अपना पक्ष रखा। मुजफ्फरनगर निवासी डॉ. प्रणव गर्ग, भूषण गर्ग और ईश्वर स्वरूप ने संयुक्त रूप से प्रेसवार्ता कर कहा कि दुकानदारों पर किसी तरह का दबाव या धमकी नहीं बनाई जा रही है। भवन की जर्जर हालत को देखते हुए वे अपनी और आसपास के लोगों की सुरक्षा के लिए दुकानों को खाली कराना चाहते हैं।

उन्होंने बताया कि धीमानपुरा स्थित भवन का निर्माण वर्ष 1950 में हुआ था और वर्तमान में यह काफी जर्जर स्थिति में है। दुकानों को पांच और दो वर्ष के एग्रीमेंट पर किराये पर दिया गया था। उनका आरोप है कि वर्ष 2022 से कुछ किरायेदारों ने किराया देना बंद कर दिया। इस संबंध में उनके खिलाफ मुकदमे भी दर्ज कराए गए। भवन मालिकों ने दावा किया कि न्यायालय से उनके पक्ष में फैसला आया है।

उन्होंने प्रशासन के निर्देश पर पुणे की एक कंपनी से कराई गई स्ट्रक्चर रिपोर्ट भी प्रस्तुत की। उनके अनुसार, रिपोर्ट में भवन को पूरी तरह जर्जर बताते हुए आसपास की इमारतों और राहगीरों के लिए भी जान-माल का खतरा बताया गया है। रिपोर्ट न्यायालय और प्रशासन को भी सौंपी गई है।

भवन मालिकों ने कहा कि दुकानों को खाली कराने की पूरी प्रक्रिया प्रशासनिक अधिकारियों की देखरेख में की जाएगी। न्यायालय और प्रशासन की ओर से दिए जाने वाले दिशा-निर्देशों का पालन किया जाएगा। दुकानदारों द्वारा लगाए गए धमकी और दुर्व्यवहार के आरोपों को उन्होंने निराधार बताया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button