शामली

खंद्रावली में खाद्य प्रसंस्करण को लेकर प्रशिक्षण शिविर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

शामली। राजकीय फल संरक्षण एवं प्रशिक्षण केंद्र शामली की ओर से मुख्यमंत्री खाद्य प्रसंस्करण ग्राम स्वरोजगार योजना के तहत खंद्रावली गांव में दो दिवसीय जागरूकता एवं प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ जिला महामंत्री नरेंद्र चौहान और मंडल कोषाध्यक्ष वेदपाल ने फीता काटकर किया। इस दौरान प्रशिक्षार्थियों को लेखन सामग्री भी वितरित की गई।

प्रशिक्षण में खाद्य प्रसंस्करण प्रशिक्षक लोकेश कुमार ने खाद्यान्न, दलहन-तिलहन के प्रसंस्कृत उत्पाद, जैम, जैली, टमाटर सॉस, चटनी, स्क्वैश और अचार आदि तैयार करने की जानकारी दी। पीएमएफएमई योजना के डीआरपी बिजेंद्र गिरी ने बताया कि योजना के तहत खाद्य प्रसंस्करण इकाई स्थापित करने पर परियोजना लागत का 35 प्रतिशत, अधिकतम 10 लाख रुपये तक अनुदान मिल सकता है। उन्होंने मसालों की सुखाई, पिसाई और पैकिंग की इकाई स्थापित करने की प्रक्रिया भी बताई।

विषय विशेषज्ञ रोहित अग्रवाल ने खाद्य प्रसंस्करण में साफ-सफाई के महत्व के साथ चिप्स, पापड़ और बड़ी आदि तैयार करने की जानकारी दी। केंद्र प्रभारी धर्मेंद्र राठी ने कहा कि गांवों में खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां स्थापित होने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और ग्रामीणों का शहरों की ओर पलायन कम होगा। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के बाद इच्छुक लोगों के लघु उद्योग स्थापित करने के लिए प्रस्ताव तैयार कराए जाएंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button