साहेबगंज
बरहेट संथाली पंचायत में 60 दिवसीय मेगा विधिक जागरूकता अभियान
जरूरतमंदों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने की पहल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
साहिबगंज राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार नालसा एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार रांची के निर्देशानुसार तथा प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार,साहेबगंज गुलाम हैदर के मार्गदर्शन में 25 अगस्त से 23 अक्टूबर 2026 तक 60 दिवसीय विशेष मेगा विधिक जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है।अभियान के तहत नालसा की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें सरकारी कल्याणकारी योजनाओं तथा निःशुल्क विधिक सहायता से जोड़ने की पहल की जा रही है।इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार साहेबगंज के सचिव विश्वनाथ भगत ने शुक्रवार को बरहेट प्रखंड के बरहेट संथाली पंचायत में चयनित लाभुकों को जॉब कार्ड,दिव्यांगता प्रमाणपत्र तथा बच्चों का विद्यालय में नामांकन करवाया।इस दौरान पात्र व्यक्तियों को संबंधित सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।नालसा की योजनाओं का उद्देश्य समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों,महिलाओं,बच्चों, दिव्यांगजनों,वरिष्ठ नागरिकों, अनुसूचित जाति-जनजाति के सदस्यों,श्रमिकों तथा अन्य पात्र व्यक्तियों तक न्याय और कल्याणकारी सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है।इसके अंतर्गत पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता, कानूनी परामर्श तथा उनके अधिकारों के संरक्षण से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में मार्गदर्शन दिया जाता है।जिला विधिक सेवा प्राधिकार और पारा विधिक स्वयंसेवक न्याय मित्र जरूरतमंदों की पहचान कर उन्हें संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में सहयोग करते हैं।आगे विश्वनाथ भगत ने कहा कि प्राधिकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी या जागरूकता के अभाव में अपने कानूनी अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में विधिक जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ जरूरतमंद लोगों को योजनाओं से जोड़कर उन्हें सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है।



