शामली

 रामलीला मेले की सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, झूलों की जांच के निर्देश

एसडीएम और सीओ ने मेला परिसर का किया निरीक्षण, महिला सुरक्षा में लापरवाही न बरतने की हिदायत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

कांधला, शामली। नगर के कैराना मार्ग स्थित श्रीरामलीला मेला महोत्सव में उमड़ रही भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। मेले में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और दर्शकों के पहुंचने के मद्देनजर पुलिस बल के साथ पीएसी भी तैनात की गई है। शनिवार को उपजिलाधिकारी शिवाजी यादव और क्षेत्राधिकारी हेमंत कुमार ने मेला परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मेला समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेले में आने वाले लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मेले में लगे झूलों और मनोरंजन के अन्य साधनों की सुरक्षा को लेकर अधिकारियों ने मेला ठेकेदार को सभी झूलों की जांच कराने और उपकरणों को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि झूलों के संचालन में सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
थाना प्रभारी बच्चू सिंह को महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध करने और पुलिसकर्मियों को लगातार सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने मेला समिति से भी सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने को कहा।
सात दशक से कायम है मेले की पहचान
कांधला का श्रीरामलीला मेला लगभग सात दशकों से धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक बना हुआ है। मेले में क्षेत्र के साथ आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button