प्राचीन सिद्धपीठ श्री दुर्गा देवी मंदिर में दिनभर लगा भक्तों का तांता, अंशुल जागरण ग्रुप के भव्य जागरण में रातभर गूंजे माता रानी के जयकारे।
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जलालाबाद कस्बे के प्राचीन सिद्धपीठ श्री दुर्गा देवी मंदिर में दुर्गा चतुर्दशी के अवसर पर धार्मिक कार्यक्रमों की धूम रही। मां दुर्गा के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर रात तक जारी रहा। कस्बे के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। मंदिर परिसर में गूंजते माता रानी के जयकारों और भक्ति गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।चतुर्दशी के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। भक्तों ने मां के चरणों में हलवा-पूरी, इलायची दाना और अन्य प्रसाद अर्पित किया। इसके साथ ही नारियल, छत्र और चुनरी चढ़ाकर मन्नतें मांगीं। प्रातःकाल मुख्य पुजारी ने मंत्रोच्चार के साथ मां की प्रतिमा का स्नान कराया और विधिवत पूजा के बाद लौंग-इलायची का भोग लगाया।मंदिर परिसर में पंडित अभिषेक शास्त्री के निर्देशन में हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। इसमें उपेंद्र गर्ग, आदेश गर्ग, रोमिल मित्तल, संजीव गर्ग और रविंद्र गर्ग सहित अन्य श्रद्धालुओं ने आहुतियां देकर परिवार एवं क्षेत्र में सुख-शांति की प्रार्थना की। शाम के समय आयोजित मंगला आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। आरती के दौरान मंदिर परिसर मां के जयकारों से गूंज उठा।दुर्गा चतुर्दशी पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। विभिन्न श्रद्धालुओं के आवासों से भक्त ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर नाचते-गाते हुए माता रानी की ज्योति लेकर मंदिर पहुंचे। दिनभर संकीर्तन मंडली ने भजनों के माध्यम से मां दुर्गा की महिमा का गुणगान किया। नांगल, उमरपुर, कादरपुर, अंबेहटा याकूबपुर, चंदेना माल, गोसगढ़, गंदेवड़ा, भोजपुर और चोरा सहित आसपास के अनेक गांवों से श्रद्धालुओं ने पहुंचकर मां के दर्शन किए।रात्रि में अंशुल जागरण ग्रुप की ओर से माता रानी का भव्य जागरण आयोजित किया गया। जागरण में कलाकारों ने मधुर भजनों और माता की भेंटों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। आकर्षक झांकियों ने पंडाल की शोभा बढ़ाई। भजनों की धुन पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे और माता रानी के जयकारे लगाते रहे।धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में मंदिर कमेटी के सदस्यों के साथ ईशू सैनी, सचिन, देव शर्मा, निक्की, तुषार शर्मा, अभिषेक, आशुतोष, हर्षित, राघव, माधव, आशीष, सचिन, वासु, लक्ष्य और वंश सहित अन्य लोगों का सहयोग रहा। दुर्गा चतुर्दशी के अवसर पर मंदिर में दिनभर श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का माहौल बना रहा।
