लोनी में सपा के साइकिल वितरण कार्यक्रम पर रोक लगाई
आयोजक पर जुर्माना का 10.86 लाख का नोटिस भेजा
एक हजार मेधावी छात्राओं को बांटी जानी थीं साइकिलें, अनुमति से पहले सरकारी जमीन पर टेंट लगाने पर पालिका ने की कार्रवाई
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी (गाजियाबाद) : लोनी के गढ़ी कटैया गांव में समाजवादी पार्टी की ओर से प्रस्तावित पीडीए सम्मान समारोह और ‘उम्मीद की साइकिल’ वितरण कार्यक्रम को प्रशासन ने अनुमति नहीं दी। कार्यक्रम के लिए सरकारी भूमि पर बिना पूर्व अनुमति टेंट और मंच लगाए जाने के मामले में लोनी नगर पालिका परिषद ने आयोजक अनुज प्रधान (चौधरी) को 10 लाख 86 हजार 930 रुपये का जुर्माना नोटिस जारी किया है। प्रशासनिक रोक और टेंट हटवाए जाने के बाद इस मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है।
प्रस्तावित कार्यक्रम में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाली करीब एक हजार मेधावी छात्राओं को साइकिल वितरित की जानी थीं। कार्यक्रम रविवार सुबह 10 बजे आयोजित होना था। इसके लिए गढ़ी कटैया गांव के मैदान में टेंट और मंच लगाने सहित अन्य तैयारियां शुरू कर दी गई थीं।
अनुमति मिलने से पहले शुरू हुईं तैयारियां
लोनी नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी वैभव त्रिपाठी के अनुसार, कार्यक्रम की अनुमति के लिए वार्ड-12 के सभासद सुमित प्रधान के लेटर पैड पर आवेदन भेजा गया था। हालांकि, प्रशासन और नगर पालिका से औपचारिक अनुमति मिलने से पहले ही सरकारी भूमि पर टेंट और मंच लगाने का काम शुरू कर दिया गया। इसे नियमों का उल्लंघन मानते हुए पालिका ने आयोजक के खिलाफ जुर्माने का नोटिस जारी किया।
इसके साथ ही लोनी के उपजिलाधिकारी, अंकुर विहार के एसीपी और संबंधित चौकी प्रभारी को पत्र भेजकर कार्यक्रम की तैयारियां रुकवाने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने आदर्श आचार संहिता का हवाला देते हुए कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी।
रात में हटवाया गया टेंट और पंडाल
प्रशासनिक निर्देशों के बाद शनिवार और रविवार की मध्यरात्रि पुलिस तथा प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए टेंट और पंडाल को हटवा दिया गया। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गईं। सपा समर्थकों ने इसे राजनीतिक दबाव में की गई कार्रवाई बताया, जबकि प्रशासनिक पक्ष की ओर से नियमों और आचार संहिता के पालन का हवाला दिया गया है।
घर-घर जाकर साइकिल बांटने का ऐलान
कार्यक्रम पर रोक लगाए जाने के बाद सपा नेता अनुज प्रधान ने कहा कि प्रशासन ने आचार संहिता का हवाला देकर कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी है। इसके बावजूद मेधावी छात्राओं को साइकिल देने की योजना जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि पात्र छात्राओं तक पहुंचकर घर-घर साइकिल वितरित की जाएंगी।
वहीं, मामले को लेकर गांव में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ने के बीच सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया। फिलहाल कार्यक्रम पर रोक और नगर पालिका की ओर से जारी जुर्माने के नोटिस को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है।



