लोनी में अवैध प्लॉटिंग पर जीडीए टीम का बुलडोजर
प्रवर्तन टीम का विरोध कर हुए भूखंड मालिकों ने की घेराबंदी
भारी हंगामे के बीच पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई, 250 से अधिक अवैध भूखंडों पर बने निर्माण ध्वस्त करने का दाव
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी (गाजियाबाद)। लोनी क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की प्रवर्तन टीम को लोनी में भारी विरोध का सामना करना पड़ा। बताते है कि मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने टीम को घेरकर बंधक बनाने का प्रयास किया। इस दौरान मौके पर जमकर हंगामा हुआ। सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद पुलिस की सुरक्षा में जीडीए ने ध्वस्तीकरण अभियान जारी रखते हुए 250 से अधिक अवैध भूखंडों पर किए गए निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
जानकारी के अनुसार, लोनी के सभापुर, नवादा, मीरपुर हिंदू और खड़खड़ी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि भूमि पर कथित रूप से अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। आरोप है कि लोगों को सस्ते भूखंड उपलब्ध कराने का लालच देकर ऐसी कॉलोनियों में निवेश के लिए आकर्षित किया जा रहा था। इसी क्रम में जीडीए के प्रवर्तन जोन-8 की टीम बुलडोजर लेकर कार्रवाई करने पहुंची। टीम के मौके पर पहुंचते ही कुछ लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कार्रवाई स्थल पर हंगामे की स्थिति बन गई।
विरोध के बीच पुलिस ने संभाला मोर्चा
प्रवर्तन टीम के विरोध और हंगामे की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस के साथ अतिरिक्त बल भी मौके पर पहुंचा। पुलिस की मौजूदगी में विरोध कर रहे लोगों को हटाया गया, जिसके बाद जीडीए की टीम ने दोबारा कार्रवाई शुरू की। बुलडोजर की मदद से चिह्नित स्थलों पर किए गए अवैध निर्माणों को पूरी तरह से ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, ताकि सरकारी अभियान में दोबारा बाधा न आए।
अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान जारी रखने की चेतावनी
जीडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग और बिना स्वीकृति किए जा रहे निर्माण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि भूखंड खरीदने से पहले कॉलोनी का स्वीकृत नक्शा, भूमि के अभिलेख और संबंधित अनुमतियों की जांच अवश्य कर लें। केवल कम कीमत के लालच में बिना वैधानिक स्थिति की जानकारी किए भूखंड खरीदने से आर्थिक नुकसान हो सकता है।
अधिकारियों के अनुसार, सरकारी कार्रवाई में बाधा डालने और कथित रूप से अवैध कॉलोनियां विकसित करने में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। ऐसे लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।

