महाराष्ट्र

पेज नंबर 201 पर विवाद

शिवसेना नेताओं ने फाड़ी सोनिया गांधी की किताब, बैन की मांग

मुंबई : शिवसेना ने सोनिया गांधी की किताब पर वीर सावरकर और आरएसएस को लेकर की गई टिप्पणियों के विरोध में प्रतिबंध लगाने की मांग की है। संस्मरण में दावा किया गया है कि सावरकर ने ब्रिटिश हुकूमत से माफी मांगी थी। इसके साथ ही, शिवसेना नेताओं ने सावरकर के कथित अपमान पर उद्धव ठाकरे की चुप्पी पर भी सवाल उठाए हैं।
महाराष्ट्र में बुधवार को एक नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया। शिवसेना ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी आॅफ लव’ पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। यह मांग किताब में स्वतंत्रता सेनानी वीर सावरकर के बारे में की गई टिप्पणियों को लेकर की गई है। मुंबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान, शिवसेना के कई नेताओं ने शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे की चुप्पी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री ने सावरकर के अपमान पर एक शब्द भी नहीं कहा है। इसके बजाय, उन्होंने कहा कि उद्धव ने कांग्रेस से यह किताब स्वीकार कर ली है। शिवसेना नेताओं ने कहा कि सोनिया गांधी ने अपनी किताब में सावरकर का अपमान किया है। उन्होंने किताब में लिखा है कि सावरकर ने अंग्रेजों से माफी मांगी थी और उन्हें पत्र लिखे थे। यही आरोप लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी कई बार लगा चुके हैं।
उन्होंने महाराष्ट्र की सत्ताधारी ‘महायुति’ सरकार जिसमें शिवसेना, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) शामिल हैं – से भी इस किताब पर प्रतिबंध लगाने का आग्रह किया। शिवसेना के प्रवक्ता संजय निरुपम ने मीडिया ब्रीफिंग में कहा उन्होंने किताब में जो बातें लिखी हैं, वे असल में प्रेम की यात्रा नहीं, बल्कि नफरत की यात्रा हैं… उनके मन में वीर सावरकर के प्रति लगातार नफरत रही है जो भारत के महान क्रांतिकारी और महाराष्ट्र के ऐसे सपूत हैं, जिन्हें पूरा राज्य देवता की तरह पूजता है। उन्होंने आगे कहा उनके दिल में हिंदुओं के प्रति पक्की नफरत है; इसी किताब में उन्होंने शायद यह भी लिखा है कि बाबरी मस्जिद के विध्वंस के बाद उनकी आँखों में आँसू आ गए थे। लेकिन, जब भगवान राम के मंदिर को तोड़कर वहाँ मस्जिद बनाई गई थी, तो उस घटना से उन्हें कोई दुख नहीं हुआ।
अपने संस्मरण में, सोनिया ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ  और सावरकर की आलोचना की है। उन्होंने दावा किया कि सावरकर ने अंग्रेजों से माफी मांगी थी, जो उनके “औपनिवेशिक आका” थे। इसके विपरीत, उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने अंग्रेजों के हाथों हमले और जेल की सजा झेली थी। वे लिखती हैं, जब कांग्रेस के स्वतंत्रता सेनानी अंग्रेजों के हाथों हमले और जेल की सजा झेल रहे थे, तब फरर के वरिष्ठ विचारक विनायक दामोदर सावरकर अपने औपनिवेशिक आकाओं को दया याचिकाएं लिख रहे थे, और उनके सदस्य मुखबिर के तौर पर ब्रिटिश अधिकारियों के साथ मिलीभगत कर रहे थे। वे आगे कहती हैं, फरर ने हमेशा कांग्रेस और उसके मूल्यों को ‘हिंदू राष्ट्र’ बनाने की अपनी योजना में सबसे बड़ी बाधा के रूप में देखा है – एक ऐसा राष्ट्र जहाँ अन्य धर्मों के लोग दूसरे दर्जे के नागरिक बन जाएँ। उनके प्रमुख विचारकों ने अपने लेखों और भाषणों में हिटलर और अल्पसंख्यकों को लेकर उसकी नीतियों की प्रशंसा की थी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button