गोड्डा
होली मिलन समारोह ने शहर का माहौल किया होलियाना

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। लोकमंच द्वारा स्थानीय नेताजी नगर स्थित मदन निवास में आयोजित होली मिलन समारोह में बड़ी संख्या में लोग उपस्थित हुए और मस्ती भरे माहौल में आयोजित विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों ने मानो शहर को बीते नगर परिषद चुनाव एवं आसन्न मार्च क्लोजिंग के तनाव मुक्त कर दिया। मंच के कार्यकारी अध्यक्ष शिव कुमार भगत की अध्यक्षता तथा प्रसिद्ध उद्घोषक सुरजीत झा एवं डॉ. ब्रह्मदेव कुमार के सधे संचालन में आयोजित उक्त समारोह में बतौर मुख्य अतिथि जिला खेल पदाधिकारी डॉ. प्राण महतो शामिल हुए। स्वागत संबोधन मंच के संस्थापक सचिव सर्वजीत झा “अंतेवासी” ने किया। समारोह के प्रथम चरण में आयोजित होली गीत माला में प्रसिद्ध गायक मनीष कुमार सिंह, मिथिलेश कुमार, अपराजिता राय, अभिजीत सरकार, अमरेंद्र सिंह बिट्टू, ब्रजेश कुमार मंडल एवं कौशल किशोर झा बिट्टू ने जहां माहौल को सतरंगी बनाया वहीं दूसरे चरण में आयोजित कवि सम्मेलन के दौरान शिव कुमार भगत, डॉ. ब्रह्मदेव कुमार, सुरजीत झा, प्रकाश कुमार यादव, मनीष सिंह, ओम प्रकाश मंडल, विनीता प्रियदर्शिनी, डॉ. स्मिता शिप्रा, सोनू कुमार झा, दीपक कुमार एवं मिथिलेश कुमार ने एक से एक होली पर आधारित अपनी रचना के पाठ से श्रोताओं को खूब गुदगुदाया।
स्थापित परंपरानुसार मूर्खाधिराज एवं महामूर्खधिराज पद के लिए हुए निर्विरोध चुनाव में उक्त पद के लिए क्रमशः डॉ. बंशीधर मिश्रा एवं परमानंद चौधरी का चयन कर उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। समारोह के दौरान हिंदी एवं अंगिका साहित्य में विशिष्ट अवदान के लिए डॉ. ब्रह्मदेव कुमार एवं उनकी धर्मपत्नी डॉ. स्मिता को मंच द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बतौर विशिष्ट अतिथि अराज पत्रित कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय स्तर के नेता सह वक्ता मंजुल कुमार दास, वरिष्ठ नागरिक महासंघ की राष्ट्रीय महासचिव गीता मिश्रा, साया झा, डॉ. नूतन झा आदि उपस्थित थे।



