
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
बागपत। जनपद बागपत के गांव बिजरौल की होनहार बेटी दिव्या ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की प्रतिष्ठित परीक्षा में 181वीं रैंक हासिल कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन कर दिया है। दिव्या की इस उपलब्धि से गांव और आसपास के क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर खुशी जाहिर की और बेटी की इस सफलता पर गर्व व्यक्त किया।
दिव्या के पिता रविंद्र कुमार केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) में कार्यरत हैं। परिवार के अनुसार दिव्या बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रही है। उसने हमेशा मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ अपने लक्ष्य को पाने का प्रयास किया और उसी का परिणाम आज उसकी इस बड़ी सफलता के रूप में सामने आया है।
दिव्या की प्रारंभिक शिक्षा वंस्थली पब्लिक स्कूल, बड़ौत से हुई, जहां से उसने छठी कक्षा तक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उसने सातवीं और आठवीं कक्षा की पढ़ाई क्रिस्तु ज्योति कॉन्वेंट स्कूल से की। आगे की पढ़ाई के लिए दिव्या दिल्ली चली गई, जहां रहकर उसने उच्च शिक्षा प्राप्त की और यूपीएससी परीक्षा की तैयारी की। वर्षों की कड़ी मेहनत और समर्पण के बाद उसे यह शानदार सफलता मिली।
दिव्या की सफलता की खबर मिलते ही गांव बिजरौल में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी और कहा कि दिव्या की उपलब्धि से क्षेत्र की बेटियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। ग्रामीणों का कहना है कि यदि बच्चों को सही मार्गदर्शन और मेहनत करने का अवसर मिले तो वे किसी भी क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकते हैं।
गांव के बुजुर्ग बाबा ओम सिंह हलवा ने बताया कि दिव्या का एक छोटा भाई भी है। परिवार और पूरे गांव को उसकी इस उपलब्धि पर गर्व है। जैसे ही परीक्षा परिणाम की जानकारी गांव में पहुंची, दिव्या के घर बधाई देने वालों का तांता लग गया।
इस अवसर पर अमित, अजय, हरेंद्र, देवेंद्र सहित अनेक ग्रामीणों ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि दिव्या ने पूरे बागपत जनपद का नाम रोशन किया है। ग्रामीणों ने दिव्या के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उसकी यह सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।



