बागपत
भारत की जीत पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर विहिप
बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने बड़ौत थाने में दी तहरीर

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
बड़ौत/बागपत : भारत की टी-20 वर्ल्ड कप में ऐतिहासिक जीत के बाद देशभर में जश्न मनाया गया, वहीं बड़ौत में सोशल मीडिया पर एक आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के बाद विवाद की स्थिति बन गई। इस मामले को लेकर सोमवार को दोपहर करीब 12 बजे विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल के कार्यकर्ता जिला सह मंत्री संजय सैन के नेतृत्व में एकत्रित होकर बड़ौत कोतवाली पहुंचे और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर सौंपी।
कार्यकर्ताओं का आरोप है कि एक विशेष समुदाय के व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए भारत की जीत के बाद हुई आतिशबाजी और भारत माता के जयकारों को लेकर आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया और इसे “ड्रामाबाजी” बताया। इस वीडियो के वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
बताया गया कि बीती रात भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप में शानदार जीत हासिल की, जिसके बाद पूरे देश में खुशी की लहर दौड़ गई। जगह-जगह आतिशबाजी कर, मिठाइयां बांटकर और एक-दूसरे को बधाई देकर लोगों ने अपनी खुशी का इजहार किया। बागपत जनपद के विभिन्न स्थानों की तरह बड़ौत कस्बे में भी कई स्थानों पर एलईडी स्क्रीन लगाकर लोगों ने एक साथ बैठकर मैच का आनंद लिया और भारत की जीत के बाद उत्साह के साथ जश्न मनाया।
विहिप और बजरंग दल के पदाधिकारियों का कहना है कि यह जीत किसी एक व्यक्ति या वर्ग की नहीं, बल्कि पूरे देश के 140 करोड़ भारतीयों की जीत है। देश के सभी वर्गों और समुदायों के लोगों ने मिलकर इस खुशी को साझा किया है। ऐसे में सोशल मीडिया पर इस तरह की टिप्पणी करना देशवासियों की भावनाओं को आहत करने वाला है।
इस संबंध में बड़ौत कोतवाली में दी गई तहरीर में मांग की गई है कि वीडियो साझा करने वाले व्यक्ति के खिलाफ जल्द से जल्द कानूनी कार्रवाई की जाए। इस पर कोतवाली प्रभारी (SHO) ने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और दोषी पाए जाने पर गिरफ्तारी भी की जाएगी।
इस दौरान जिला उपाध्यक्ष विकास जैन, जिला संयोजक सागर, नगर संयोजक आशीष, नगर मंत्री वरुण, गौरव, निशु, विपिन पहलवान, तरुण सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

