नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कैराना। कस्बे के मोहल्ला आलदरम्यान में पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने घर में घुसकर परिवार पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों से मारपीट कर पिता-पुत्र को घायल कर दिया, जबकि बीच-बचाव करने आई महिला के साथ अभद्रता करते हुए उसके कपड़े फाड़ दिए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर कई नामजद व अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर में बताया गया कि छह मार्च को दोपहर करीब दो बजे पीड़ित परिवार का युवक मस्जिद से जुमे की नमाज अदा कर बाहर निकला था। आरोप है कि उसी दौरान मोहल्ले के शाहनवाज और उसके साथ मौजूद कुछ लोगों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट कर दी। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि उसी दिन रात करीब दस बजे शाहनवाज, सरफराज, इरफान, इमरान, इस्माईल, नदीम, मुकीम व शहीद समेत 8-10 अज्ञात लोग लाठी-डंडे लेकर उनके घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। हमले में परिवार के मुखिया और उनके बेटे को चोटें आईं, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि बीच-बचाव करने आई महिला के साथ आरोपियों ने मारपीट करते हुए अभद्रता की और उसके कपड़े फाड़ दिए। शोर-शराबा होने पर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। कोतवाली पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।