करमाटांड़ के कुरवा गांव में करंट लगने से युवक की मौत
A young man died due to electric shock in Kurwa village of Karmatand.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
जामताड़ा। झारखंड के जामताड़ा जिले के करमाटांड़ प्रखंड अंतर्गत कुरवा गांव में बुधवार शाम करंट लगने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान दुलाल राय के रूप में की गई है। बताया जाता है कि दुलाल राय के घर का दरवाजा लोहे का बना हुआ था और उसी के ऊपर से बिजली का तार गुजर रहा था। दरवाजे को बार-बार खोलने और बंद करने के कारण तार में लीकेज हो गया था। बुधवार शाम करीब छह बजे बारिश के दौरान जमीन भीगी हुई थी। इसी दौरान दुलाल राय घर के अंदर जाने के लिए जैसे ही लोहे के दरवाजे को छुए, उन्हें तेज करंट लग गया। करंट इतना तेज था कि कुछ ही मिनटों में उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जाता है कि दुलाल राय पुणे में मजदूरी करते थे और गुरुवार को वापस पुणे जाने वाले थे। उनकी शादी पिछले वर्ष ही हुई थी और परिवार में कमाने वाले वही एकमात्र सदस्य थे। ग्रामीणों के अनुसार करंट लगने से लोहे के गेट पर जलने के निशान भी दिखाई दे रहे हैं। लोगों ने इस घटना को लेकर बिजली विभाग की लापरवाही की जांच कराने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।



