जामताड़ा
गैस सेवा अपडेट के नाम पर साइबर ठगी, 23 वर्षीय युवक गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जामताड़ा। साइबर अपराध थाना पुलिस ने गैस सेवा अपडेट के नाम पर साइबर ठगी करने के आरोप में करमाटांड़ थाना क्षेत्र के कोड़राटांड़ गांव निवासी 23 वर्षीय बसंत कुमार मंडल को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में गठित टीम ने बसंत कुमार मंडल के घर पर छापेमारी कर उसे पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, आरोपी महाराष्ट्र नेचुरल गैस लिमिटेड के उपभोक्ताओं को निशाना बनाता था। गैस सेवा अपडेट करने के नाम पर लोगों के मोबाइल पर फर्जी APK फाइल भेजी जाती थी। उपभोक्ताओं से फाइल इंस्टॉल करवाने के बाद मोबाइल में मौजूद निजी जानकारी हासिल कर साइबर ठगी की जाती थी। पुलिस के मुताबिक आरोपी का ठगी का कार्यक्षेत्र देश के विभिन्न राज्यों तक फैला हुआ था।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से तीन मोबाइल फोन और चार सिम कार्ड बरामद किए हैं। इस मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 56/26, दिनांक 08 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।



