
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
जगम्मनपुर (जालौन)। तेज गति व लापरवाही से वाहन चलाने के कारण गुरुवार की सुबह मोटरसाइकिल और टेंपो के बीच आमने-सामने हुई टक्कर में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रामपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम जगम्मनपुर के पास स्थित कर्णखेरा मंदिर मोड़ पर गुरुवार सुबह करीब 7.15 बजे यह सड़क दुर्घटना हुई। बताया गया है कि ग्राम पतराही थाना कुठौंद निवासी मोनू सेंगर (32 वर्ष) पुत्र हरपाल सिंह सेंगर अपनी हीरो मोटरसाइकिल संख्या यूपी 92 एए 8926 से जगम्मनपुर से अपने गांव पतराही की ओर जा रहा था। इसी दौरान कर्णखेरा मोड़ के पास यमुना पुल की ओर से आ रहे टेंपो संख्या यूपी 92 एटी 6110 से उसकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में टेंपो चालक अमन पुत्र शिवराज राठौर निवासी ग्राम जूहीखा थाना अयाना जिला औरैया को मामूली चोटें आईं, जबकि बाइक चालक मोनू सेंगर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर, पैर तथा शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। दुर्घटना होते ही मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत सहायता करते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही जगम्मनपुर पुलिस चैकी का स्टाफ मौके पर पहुंच गया और घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुरा भेजा गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर बताई है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।


