गोड्डा
17 मार्च से गोड्डा में गृह रक्षक भर्ती की शारीरिक व लिखित परीक्षा
अभ्यर्थी प्रवेश पत्र के साथ हों शामिल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा : झारखंड गृह रक्षा वाहिनी, गोड्डा की ओर से ग्रामीण एवं शहरी गृह रक्षकों के नव-नामांकन के लिए शारीरिक जाँच परीक्षा और लिखित परीक्षा की संभावित तिथि 17 मार्च 2026 से निर्धारित की गई है। इस संबंध में जिला जनसम्पर्क कार्यालय द्वारा आवश्यक सूचना जारी की गई है। जारी सूचना के अनुसार सभी योग्य अभ्यर्थियों को निर्धारित संभावित तिथि पर प्रवेश पत्र के साथ फोटोयुक्त पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, पैन कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस तथा दो रंगीन फोटो लेकर राजेन्द्र स्टेडियम, उर्जानगर (महागामा) में उपस्थित होना सुनिश्चित करना होगा। बताया गया है कि शारीरिक जाँच और लिखित परीक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी, प्रखण्डवार तिथि, गतिविधियों की समय-सारणी (टाइम स्लॉट) एवं अन्य आवश्यक सूचनाएं जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट www.godda.nic.in पर अपलोड की जाएंगी। जिला प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि परिस्थितियों या आवश्यकतानुसार परीक्षा की तिथियों में बदलाव किया जा सकता है। इसलिए अभ्यर्थियों को नियमित रूप से वेबसाइट पर अपडेट देखते रहने की सलाह दी गई है।



