
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी युद्ध का असर अब भारत में भी देखने को मिल रहा है। भले ही प्रशासन की ओर से लगातार यह दावा किया जा रहा हो कि एलपीजी गैस सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, लेकिन जमीनी स्तर पर लोनी क्षेत्र के निवासियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। विशेषकर लोनी क्षेत्र में गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भीड़ दिन प्रतिदिन लगातार बढ़ती नजर आ रही है।
पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया और विभिन्न माध्यमों से एलपीजी गैस की कमी की अफवाहें तेजी से फैल रही हैं। इन खबरों का असर यह हुआ कि लोग समय से पहले ही गैस सिलेंडर बुक कराने और लेने के लिए एजेंसियों पर पहुंचने लगे। कई स्थानों पर उपभोक्ताओं को लंबी कतारों में खड़ा देखा गया।
लोनी क्षेत्र की गैस एजेंसियों पर भी सुबह से ही लोगों की भीड़ लग रही है। उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस सिलेंडर बुक कराने के लिए वेबसाइट और ऑनलाइन सिस्टम सही तरीके से काम नहीं कर रहा, जिससे बुकिंग कराने में परेशानी हो रही है। इसके चलते लोग सीधे एजेंसियों पर पहुंचकर सिलेंडर लेने का प्रयास कर रहे हैं।
तकनीकी समस्याएं भी इस स्थिति को और गंभीर बना रही हैं। डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (DAC) की अनिवार्यता और कई बार सर्वर डाउन होने के कारण उपभोक्ताओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, सिलेंडर न मिलने की स्थिति में कुछ परिवारों को मजबूरन लकड़ी और उपलों पर खाना बनाना पड़ रहा है। छोटे होटल संचालक भी लकड़ी की भट्ठी का सहारा लेते दिखाई दे रहे हैं।
हालांकि प्रशासन का कहना है कि एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है और उत्पादन भी सामान्य रूप से जारी है। इसके बावजूद मौजूदा हालात उपभोक्ताओं में चिंता और असमंजस की स्थिति पैदा कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि गैस एजेंसियों के बाहर लग रही भीड़ उन्हें पुराने समय की याद दिला रही है, जब रसोई गैस की किल्लत आम बात हुआ करती थी।

