शामली
नाला कच्चा, खेतों और गलियों में घुसा पानी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। साल्हापुर में पानी की निकासी की व्यवस्था दुरुस्त न होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। कच्चे नाले के कारण पानी का बहाव सही तरीके से नहीं हो पा रहा है, जिससे खेतों और गांव की गलियों में जलभराव की स्थिति बन रही है। हालात यह हैं कि घरों की नींव तक पानी पहुंचने लगा है ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते नाले को पक्का कर निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो बरसात में स्थिति और भी भयावह हो सकती है। चौसाना क्षेत्र के भडी मजरा साल्हापुर में लंबे समय से जलनिकासी की समस्या बनी हुई है। गांव के नजदीक कई किसानों के खेत हैं, जिनसे
होकर पानी की निकासी होती है। लेकिन नाला कच्चा होने के कारण पानी का बहाव रुक-रुक कर होता है और धीरे-धीरे खेतों में फैल जाता है। इससे फसलों को नुकसान होने की आशंका बनी रहती है। किसानों का कहना है कि हल्की बारिश या घरों से निकलने वाला पानी भी खेतों और रास्तों में भर जाता है, जिससे खेती और आवागमन दोनों प्रभावित हो रहे हैं। गांव
की गलियों में भी जलभराव की समस्या लगातार बढ़ रही है। कई जगहों पर पानी जमा होने से रास्ते कीचड़ में तब्दील हो गए हैं। इससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है, वहीं घरों की नींव तक पानी पहुंचने से मकानों के कमजोर होने का डर भी ग्रामीणों को सता रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार ग्राम पंचायत से शिकायत की गई, लेकिन समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीण शाकिर, संजय दुकानदार, नफीस अहमद, कुर्बान, युनुस और कृष्णा का कहना है कि जब अभी बारिश शुरू भी नहीं हुई है और गांव में पानी भर रहा है तो बरसात के दिनों में हालात और भी खराब हो जाएंगे।


