
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
शामली। रमजान माह के चौथे जुमे को नगर की मस्जिदों में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने नमाज अदा की। नमाज के बाद रोजेदारों ने मुल्क में अमन-चैन, आपसी भाईचारे और तरक्की के लिए खास दुआ की।
जुमे की नमाज को लेकर सुबह से ही नमाजियों का मस्जिद की ओर पहुंचना शुरू हो गया था। दोपहर तक मस्जिदों के परिसर अकीदतमंदों से खचाखच भर गया। नमाज शांतिपूर्ण और अनुशासित माहौल में अदा की गई। नमाज से पहले इमाम ने अपने बयान में रमजान की बरकतों पर रोशनी डालते हुए लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने, जरूरतमंदों की मदद करने और नेक रास्ते पर चलने की नसीहत दी। नमाज के बाद रोजेदारों ने देश व प्रदेश में अमन-शांति, भाईचारे और खुशहाली के लिए दुआ मांगी। इस दौरान बड़ी संख्या में रोजेदार मौजूद रहे। जुमे की नमाज को देखते हुए पुलिस-प्रशासन भी अलर्ट रहा। मस्जिद और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिसकर्मी लगातार निगरानी करते रहे, जिससे नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकी। रमजान के अंतिम अशरे के करीब आते ही नगर में इबादत और धार्मिक गतिविधियों का माहौल और अधिक बढ़ गया है।


