गोड्डा
टीबी मुक्त अभियान में पथरगामा यूनिट की चार पंचायतें चयनित
24 मार्च को जिला स्तर पर होंगी सम्मानित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पथरगामा : टीबी मुक्त अभियान को सफल बनाने को लेकर पथरगामा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मोहन पासवान की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में टीबी उन्मूलन के लिए तय मानकों की समीक्षा करते हुए पंचायतों में चल रही गतिविधियों पर चर्चा की गई।डॉ. मोहन पासवान ने बताया कि पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित करने के लिए सरकार द्वारा पांच प्रमुख मानदंड निर्धारित किए गए हैं। इन मानदंडों को पूरा करने वाली पंचायतों को ही टीबी मुक्त घोषित किया जाएगा। इसके तहत प्रत्येक पंचायत में प्रति 1000 की आबादी पर कम से कम 30 लोगों की टीबी जांच कराना अनिवार्य है तथा प्रति 1000 जनसंख्या पर टीबी के मामले शून्य या अधिकतम एक होना चाहिए। साथ ही सभी मामलों की जानकारी निक्षय पोर्टल पर दर्ज करना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि निक्षय पोषण योजना के तहत सभी टीबी मरीजों को पोषण सहायता राशि उपलब्ध कराई जानी चाहिए तथा उपचार की सफलता दर 85 प्रतिशत से अधिक होना जरूरी है।डॉ. पासवान ने जानकारी दी कि पथरगामा टीबी यूनिट के अंतर्गत पथरगामा, पिपरा, बाघाकोल और सांचपुर साखी पंचायतों का चयन टीबी मुक्त पंचायत के लिए किया गया है। इन पंचायतों को 24 मार्च को विश्व टीबी दिवस के अवसर पर जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। बैठक में डीपीसी दीपक कुमार, एसटीएस प्रतीक कुमार, बीडीएम पंकज भगत, संगणक चंद्रशेखर चौधरी सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे।



