नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कैराना। पत्नी और ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से परेशान एक युवक को न्याय के लिए आखिरकार न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। न्यायालय के आदेश पर कैराना कोतवाली पुलिस ने पत्नी सहित चार लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्राम तित्तरवाड़ा निवासी फैजान पुत्र इकराम ने बताया कि उसकी शादी मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार गांव गढ़ी दौलत निवासी ताजरीन पुत्री नवाब के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष के लोग उससे रंजिश रखने लगे और उसे परेशान करने लगे। पीड़ित का आरोप है कि 26 मार्च 2024 को दोपहर करीब ढाई बजे वह अपनी माता के साथ जनपद पानीपत जा रहा था। इसी दौरान यमुना पुल मार्ग पर चौधरी होटल के पास उसकी पत्नी ताजरीन, जुबैर, महताब और सलमे उर्फ लाली निवासीगण गांव गढ़ी दौलत ने उसे रोक लिया और लाठी-डंडों से मारपीट कर दी। आरोप है कि इस दौरान उसकी माता के साथ भी अभद्रता और अश्लील हरकत की गई। घटना के बाद घायल अवस्था में फैजान कैराना कोतवाली पहुंचा, जहां पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण तो कराया, लेकिन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया। पीड़ित का कहना है कि उसने पुलिस अधीक्षक शामली से भी न्याय की गुहार लगाई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। आखिरकार पीड़ित ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कैराना पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए। न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
