ललितपुर

6.89 किलो अवैध गांजा के साथ महिला सहित तीन तस्कर गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने रेलवे नर्सरी के पास से महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 6.890 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। जानकारी के अनुसार 15 मार्च 2026 को उपनिरीक्षक आलोक कुमार सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग रेलवे नर्सरी माल गोदाम के पास सरकारी वाटर पंप के पास बैग में अवैध गांजा लेकर खड़े हैं और मौके से भागने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम रामजी तिवारी निवासी छतरपुर (मध्य प्रदेश), अजित बेहरा निवासी बलांगीर (ओडिशा) और उसकी पत्नी कायवती बाग बताए। तलाशी के दौरान इनके बैग से अलग-अलग पैकेटों में रखा गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल कराने पर कुल 6.89 किलो गांजा बरामद होने की पुष्टि की। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा से गांजा खरीदकर मध्य प्रदेश के छतरपुर में बेचने के लिए ले जा रहे थे। ललितपुर रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद पुलिस की चेकिंग देखकर वे रेलवे नर्सरी के पास छिपकर बैठे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कोतवाली ललितपुर में एनडीपीएस की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button