ललितपुर

हनुमान जयंती महोत्सव को लेकर प्रशासन को सौंपा गया ज्ञापन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। श्रीरामलीला हनुमान जयंती महोत्सव समिति द्वारा अध्यक्ष पं.बृजेश चतुर्वेदी के नेतृत्व में जिला प्रशासन को हनुमान जयंती पर्व के सफल आयोजन हेतु ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन जिला अधिकारी, उप जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, अधिशाषी अधिकारी एवं नगर पालिका परिषद अध्यक्ष को संबोधित किया गया। ज्ञापन में बताया गया कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी नगर ललितपुर में हनुमान जयंती का पर्व 2 अप्रैल (गुरुवार) को धूमधाम से मनाया जाएगा। इसके अंतर्गत 1 अप्रैल (बुधवार) की रात्रि में श्रृंगार, सुंदरकांड पाठ आदि कार्यक्रम आयोजित होंगे। वहीं 2 अप्रैल को सुबह हवन एवं सायंकाल 5 बजे से श्री तुवन मंदिर प्रांगण से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो तुवन चौराहा, सदर काटा, पानी की टंकी, महावीरपुरा, रावरपुरा, चौबयाना, नदीपुरा, आजाद चौक, वीर सावरकर चौक होते हुए पुन: तुवन मंदिर पर समाप्त होगी। समिति ने अवगत कराया कि 3 अप्रैल से 8 अप्रैल तक अखंड रामायण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, कवि सम्मेलन एवं भजन संध्या जैसे विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। हनुमान जयंती महोत्सव नगर का सबसे बड़ा आयोजन होने के कारण इन दिनों तुवन मंदिर में भारी जनसमुदाय एकत्रित होता है। इसलिए समिति ने 1 अप्रैल से 8 अप्रैल तक तुवन ग्राउंड पर अन्य किसी भी आयोजन या मेले की अनुमति न देने का अनुरोध किया है। साथ ही प्रशासन से तुवन मंदिर प्रांगण की साफ-सफाई, शोभायात्रा मार्ग का समतलीकरण, स्वच्छता व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था, यातायात नियंत्रण एवं चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने की मांग की गई है। पुलिस अधीक्षक से शोभायात्रा एवं मंदिर परिसर में पर्याप्त पुलिस बल एवं ट्रैफिक व्यवस्था के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का अनुरोध किया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष पं. बृजेश चतुर्वेदी, रमेश कुमार रावत, महामंत्री डा.प्रबल सक्सेना, वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्यामांकांत चौबे, उपाध्यक्ष राजेश दुबे, प्रबंधक हरविंदर सिंह सलूजा, कोषाध्यक्ष अमित तिवारी, मंत्री राकेश तामिया, भरत रिछारिया, चंद्रशेखर राठौर, शिव कुमार शर्मा, जगदीश पाठक, अवधेश कौशिक, धर्मेंद्र चौबे, शुभम कौशिक, के.के.साहू, मुन्नालाल त्यागी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button