पाकुड़ नगर परिषद में शहरी जलापूर्ति सुधार हेतु समीक्षा बैठक
Review meeting for improvement of urban water supply in Pakur Municipal Council

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। 17 मार्च 2026 मंगलवार को नवनिर्वाचित नगर अध्यक्षा साबरी पाल की अध्यक्षता में नगर परिषद सभागार में शहरी जलापूर्ति को सुदृढ़ करने और नए जल कनेक्शनों की संख्या बढ़ाने हेतु एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार चौधरी और उपाध्यक्ष राणा ओझा भी उपस्थित रहे। बैठक में नगर अध्यक्ष ने निर्देश दिए कि राज हाई स्कूल रोड, दुर्गा कॉलोनी, छोटी अलीगंज और कलिकापुर में विशेष शिविर लगाकर गंगा जल कनेक्शन जल्द से जल्द प्रदान किया जाए, ताकि आम जनता को लगातार और पर्याप्त जलापूर्ति की सुविधा मिल सके। इसके साथ ही बैंक कॉलोनी, सिंधी पारा एवं अन्य क्षेत्रों में भी जल आपूर्ति प्रणाली को शीघ्र विकसित किया जायेगा। बैठक में नगर परिषद के सहायक अभियंता पियूष शंकर, सहायक अभियंता, पेयजल विभाग, नगर मिशन प्रबंधक मनीष कुमार मिश्रा, सभी कनीय अभियंता और अन्य नगर परिषद कर्मी उपस्थित थे। नगर अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जलापूर्ति के साथ-साथ सेवा की गुणवत्ता और नियमित निगरानी पर भी ध्यान दिया जाए, ताकि शहरवासियों को निर्बाध और सुरक्षित जल आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।



