नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी गाजियाबाद : गाजियाबाद जनपद के थाना लोनी क्षेत्र की बंथला चौकी के अंतर्गत आने वाली राम विहार कॉलोनी में चोरों ने एक ही रात में तीन घरों को निशाना बनाकर दहशत फैला दी। पहली घटना में पीड़िता हिना ने बताया कि रात में उनका परिवार सो रहा था। सुबह उठने पर घर से एक गैस सिलेंडर और करीब 5,000 रुपये चोरी हुए मिले। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को 112 नंबर पर काल कर दी गई। दूसरी वारदात कॉलोनी निवासी काजल पत्नी तिलक कुमार के घर की है। उनके देवर कन्हैया ने बताया कि रात करीब 1 बजे उनकी नींद खुली तो पड़ोस का रहने वाला युवक हिमांशु उर्फ कांचा घर के अंदर मौजूद था। पूछने पर वह किसी से मिलने की बात कहने लगा, जिसके बाद उसे बाहर निकाल दिया गया। सुबह घर से 8,500 रुपये गायब मिले।तीसरी चोरी कॉलोनी निवासी 20 वर्षीय गोलू के घर में हुई, जो अपनी दादी के साथ सो रहे थे। सुबह उठने पर 20,000 रुपये नकद और करीब 49,000 रुपये कीमत का आईफोन चोरी पाया गया। तीनों घटनाओं की सूचना पीड़ितों ने पुलिस को दी। सूचना मिलने पर बंथला चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पीड़ितों ने पुलिस से रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

