ललितपुर

नगर पालिका के निर्माण कार्यों में वित्तीय खेल का आरोप

पार्षदों ने भुगतान रोकने की उठाई मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। नगर पालिका परिषद के अंतर्गत कराए गए विभिन्न निर्माण कार्यों में घोर वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए पार्षदों ने मोर्चा खोल दिया है। नगर के विभिन्न वार्डों के पार्षदों ने एकजुट होकर नगर पालिका अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी को एक मांग पत्र सौंपा है, जिसमें बिना बोर्ड की अनुमति के कराए गए कार्यों का भुगतान रोकने की मांग की गई है। पार्षदों द्वारा सौंपे गए पत्र में स्पष्ट उल्लेख किया गया है कि नगर में जो भी निर्माण कार्य कराए गए हैं, उनमें भारी अनियमितताएं बरती गई हैं। पार्षदों का आरोप है कि कई कार्य ऐसे हैं जिनके लिए नगर पालिका बोर्ड की अनिवार्य अनुमति भी नहीं ली गई है। समस्त पार्षदों ने सामूहिक रूप से यह निर्णय लिया है कि जब तक इन कार्यों की पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं हो जाती, तब तक इनसे संबंधित किसी भी प्रकार का भुगतान न किया जाए। पार्षद जानकी प्रसाद लालू मास्टर के नेतृत्व में दर्ज कराई गई इस शिकायत पर नगर के पार्षदों के हस्ताक्षर हैं। इनमें सोन सिंह (वार्ड-01), आर.के. पटेरिया (वार्ड-21), मनमोहन चौबे (वार्ड-15), रजनी रजक (वार्ड-06), मुस्तफा खान (वार्ड-16), पुष्पा अरविंद (वार्ड-04), फरजाना बानो (वार्ड-23 प्रथम), दीपा (वार्ड-12), पुष्पा (वार्ड-14), धर्मवीर कुशवाहा (वार्ड-25), सविता गिरधारी (वार्ड-13), जितेंद्र (वार्ड-07) सहित अन्य पार्षद शामिल हैं। पार्षदों की इस चेतावनी के बाद अब नगर पालिका प्रशासन के गलियारों में हड़कंप मच गया है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इन आरोपों पर क्या जांच बिठाता है और भुगतान प्रक्रिया को लेकर क्या निर्णय लेता है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button