बालाघाट
दवा व्यवसायियों के बिच उपजा विवाद पहुंचा एसोसिएशन
दवा एसोसिएशन के सदस्यों ने की एसपी से शिकायत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट(म0प्र0) : जिले के दवा व्यवसायियों के बीच उपजा व्यापारिक विवाद एसोसिएशन होते हुए थाने पहुंच गया। एक मेडिकल रिटेलर प्रियांक वर्मा ने होलसेलर प्रांजल कांकरिया (संचालक, आदर्श मेडिकल) के खिलाफ गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
दवा न खरीदने और दूसरों को रोकने पर विवाद
शिकायत के अनुसार, विवाद की मुख्य वजह होलसेलर से दवाइयां न खरीदना और अन्य रिटेलर्स को भी वहां से माल न लेने के लिए प्रेरित करना बताया जा रहा है। पीड़ित रिटेलर प्रियांक वर्मा ने आरोप लगाया कि प्रांजल कांकरिया ने पहले उन्हें व्हाट्सएप कॉल और मैसेज के जरिए डराया, फिर दुकान से दवा न लेने की बात पर अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
एसोसिएशन ने पुलिस अधीक्षक को दिया ज्ञापन
शनिवार को केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष सुरेश सोनी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने एसपी आदित्य मिश्रा से मुलाकात की। इस दौरान पीड़ित प्रियांक वर्मा, सचिन हीरावत और अन्य व्यवसायी मौजूद रहे।
इस दौरान संगठन ने स्पष्ट किया कि व्यवसायियों के बीच इस तरह का हिंसक व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सख्त कानूनी कदम उठाए जाएं।
विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज
कोतवाली पुलिस ने आरोपी प्रांजल कांकरिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 (बी) और 351 (3) के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अब व्हाट्सएप कॉल रिकॉर्ड्स और मैसेज की जांच कर रही है ताकि साक्ष्य जुटाए जा सकें। फिलहाल मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।



