खैरथल

खैरथल-तिजारा जिले में कलेक्टर व एसपी की नियुक्ति और मिनी सचिवालय निर्माण की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
खैरथल। किशनगढ़बास विधायक दीपचन्द खैरिया ने राज्य सरकार को पत्र लिखकर खैरथल-तिजारा जिला में लंबे समय से रिक्त पड़े कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक (एसपी) के पदों पर शीघ्र नियुक्ति करने तथा मिनी सचिवालय के निर्माण कार्य को शुरू कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि उच्च प्रशासनिक पद खाली होने से आमजन के काम प्रभावित हो रहे हैं और प्रशासनिक व्यवस्था भी प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है। विधायक खैरिया ने पत्र में बताया कि जिला मुख्यालय खैरथल से करीब साढ़े तीन माह पहले कलेक्टर का स्थानांतरण हो गया था, लेकिन अब तक नए कलेक्टर की नियुक्ति नहीं की गई है। फिलहाल अलवर के जिला कलेक्टर को अतिरिक्त प्रभार दिया गया है, जिससे जिला मुख्यालय पर नियमित रूप से कलेक्टर उपलब्ध नहीं हो पाते और जनता के साथ-साथ कलेक्टर न्यायालय से जुड़े कई कार्य लंबित पड़े हैं।
इसी तरह जिला पुलिस अधीक्षक का भी स्थानांतरण होने के बाद भिवाड़ी के एसपी को अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। विधायक ने कहा कि कानून व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए खैरथल में स्थायी एसपी की शीघ्र नियुक्ति आवश्यक है।
उन्होंने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि 2 जून 2025 को खैरथल जिला न्यायालय की स्वीकृति दी जा चुकी है, लेकिन लगभग नौ महीने बीतने के बाद भी न्यायालय का संचालन शुरू नहीं हो पाया है। इसके लिए जल्द भूमि आवंटन कर भवन निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जानी चाहिए, ताकि जिले के लोगों को न्यायिक सुविधाएं स्थानीय स्तर पर मिल सकें।विधायक ने बताया कि जिला मुख्यालय बने लगभग तीन वर्ष पूरे होने वाले हैं। नगर परिषद की अनुशंसा पर स्वायत्त शासन विभाग द्वारा मिनी सचिवालय के लिए खसरा नंबर 2069/2070/2072/1 में लगभग 37,260 वर्ग मीटर भूमि निःशुल्क आवंटित की जा चुकी है, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। विधायक दीपचन्द खैरिया ने राज्य सरकार से आग्रह किया है कि कलेक्टर और एसपी की शीघ्र नियुक्ति करने के साथ-साथ जिला न्यायालय और मिनी सचिवालय के निर्माण कार्य को भी जल्द शुरू कराया जाए, ताकि जिले की प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत हो सके और आमजन को राहत मिल सके।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button