ललितपुर
पुराने विवाद को लेकर युवक की लाठी-डंडों से पिटाई
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। थाना जखौरा अंतर्गत ग्राम मैनवारा में खेत से घर लौट रहे एक युवक को रास्ते में रोककर गाली-गलौज और मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पुराने विवाद को लेकर युवक पर लाठी-डंडों से हमला किया और उसे जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम मैनवारा निवासी चालीराजा (24 वर्ष) पुत्र निहाल यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गुरुवार (19 मार्च) की शाम करीब 5:30 बजे वह अपने खेत से भैंसों को लेकर घर आ रहा था। रास्ते में गाँव के ही इन्द्रभान पुत्र मान सिंह और उसकी पत्नी श्रीमती सीता ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने पुराने विवाद को लेकर चालीराजा के साथ अभद्र व्यवहार किया और गाली-गलौज शुरू कर दी। जब पीड़ित ने गाली देने से मना किया, तो दोनों ने लाठी-डंडों से उस पर हमला कर दिया, जिससे उसे चोटें आई हैं। शनिवार को पीडि़त ने जखौरा थाने में घटना की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी इन्द्रभान और श्रीमती सीता के विरुद्ध बीएनएस की धारा 115(2), 351(3) और 352 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।



