हजारीबाग
हजारीबाग की इंटरनेशनल रामनवमी की भव्यता बनाए रखने को लेकर सम्मान समारोह आयोजित।
शांति, सौहार्द और नशा मुक्त रामनवमी के सफल आयोजन हेतु सुझावों का आदान-प्रदान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
हजारीबाग रामनवमी संरक्षण समिति के द्वारा श्री श्री चैत्र रामनवमी 2026 के सफल संचालन एवं पर्व की भव्यता को बरकरार रखने के उद्देश्य से रविवार को बड़ा अखाड़ा परिसर में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ा अखाड़ा के महंत, मीडिया प्रतिनिधियों, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों एवं नवनिर्वाचित वार्ड पार्षदों को अंगवस्त्र, डायरी एवं कलम देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान समिति द्वारा रामनवमी पर्व को शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने और रामनवमी की भव्यता को बरकरार रखने को लेकर पत्रकारों, समाजसेवियों एवं प्रबुद्धजनों से महत्वपूर्ण सुझाव भी मांगे गए। उपस्थित लोगों ने रामनवमी की भव्यता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के लिए अपने विचार साझा किए। वरिष्ठ पत्रकार कृष्णा गुप्ता ने कहा कि रामनवमी जैसे महापर्व को शांति और सौहार्द के साथ संपन्न कराना हम सभी की जिम्मेदारी है, जिसमें रामनवमी संरक्षण समिति की भूमिका सराहनीय रही है। वहीं वरिष्ठ पत्रकार अभय सिन्हा ने हजारीबाग की इंटरनेशनल रामनवमी को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए इसकी परंपरा और भव्यता बनाए रखने पर जोर दिया।
पत्रकार प्रमोद खंडेलवाल ने कहा कि रामनवमी संरक्षण समिति द्वारा शांति के साथ पर्व का आयोजन करने के साथ-साथ कुश्ती और दंगल जैसे कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाता है, जिसे और अधिक भव्य रूप देने की आवश्यकता है।
पत्रकार एजाज आलम ने नशा मुक्त रामनवमी मनाने की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस दिशा में रामनवमी संरक्षण समिति का प्रयास सराहनीय है और कुश्ती-दंगल प्रतियोगिता को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए इसे और विस्तृत रूप में आयोजित किया जाना चाहिए, ताकि देशभर से लोग हजारीबाग पहुंचें और हजारीबाग इंटरनेशनल रामनवमी को राजकीय महोत्सव का दर्जा प्राप्त हो इसके लिए यह एक सार्थक कदम साबित हो सके।
हजारीबाग की रामनवमी विश्वविख्यात, इसे और ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास जारी: महंत विजयानंद दास
बड़ा अखाड़ा के महंत विजयानंद दास ने कहा कि हजारीबाग की रामनवमी ‘इंटरनेशनल रामनवमी’ के रूप में विश्वविख्यात है। इसकी भव्यता को बनाए रखने और इसे वैश्विक पहचान दिलाने के लिए रामनवमी महासमिति, रामनवमी संरक्षण समिति एवं सभी अखाड़ा निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने बताया कि रामनवमी को राजकीय महोत्सव का दर्जा दिलाने के लिए सवा लाख हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है।
नशा मुक्त और भव्य रामनवमी के लिए सभी की सहभागिता जरूरी : प्रशांत कुमार प्रधान
रामनवमी संरक्षण समिति के अध्यक्ष प्रशांत कुमार प्रधान ने कहा कि रामनवमी के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन में सभी वर्गों की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि हजारीबाग की इंटरनेशनल रामनवमी को राजकीय दर्जा दिलाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। साथ ही इस वर्ष नशा मुक्त रामनवमी मनाने और रामभक्तों के उत्साह को बढ़ाने के लिए भव्य आयोजन किए जाएंगे । कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकारों के साथ साथ रामनवमी संरक्षण समिति के संरक्षक राजकुमार गोप, सचिव राजेश गोप , कार्यकारी अध्यक्ष निशांत कुमार प्रधान , वार्ड पार्षद विकास यादव , दीपक सिंह ,राजू सिन्हा , बादशाह पासवान , दिलीप साव, अनिल कुमार , मुखिया नारायण साव, राजू यादव , सूरज कुमार धर्मेंद्र शुक्ला , पूर्व महासमिति अध्यक्ष रंजन सिन्हा, विजय वर्मा , अनमोल साव , संजीव लाल भगत, ज्योति सिन्हा , मुकेश कुमार, परमेश्वर साव, परमेश्वर मेहता, अजय साव समेत सैकड़ों समाजसेवी जनप्रतिनिधि एवं रामभक्त शामिल थे।


