जामताड़ा

लालचंडीह से बख्तरफा तक बनेगी हाईवे सड़क- डॉ. इरफान अंसारी

Highway road will be built from Lalchandih to Bakhtarfa - Dr. Irfan Ansari

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो
नारायणपुर/जामताड़ा, सोमवार को नारायणपुर प्रखंड के शाहरपुर में आयोजित विशाल जनसभा में स्वास्थ्य एवं खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ. इरफान अंसारी का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे और युवाओं ने सड़क से लेकर मंच तक मालाओं से स्वागत कर अपना समर्थन जताया। पूरे कार्यक्रम के दौरान “विकास पुरुष” के नारों से माहौल गूंजता रहा। सभा को संबोधित करते हुए मंत्री ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले 20 वर्षों में जनता का विश्वास जीतने में पार्टी पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने विकास के बजाय धर्म के नाम पर लोगों को बांटने का काम किया। स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि इतने लंबे शासनकाल में केवल तीन मेडिकल कॉलेज शुरू किए गए, जो सही ढंग से संचालित नहीं हो सके। मंत्री ने दावा किया कि उन्होंने अपने कार्यकाल के मात्र एक वर्ष के भीतर आठ नए मेडिकल कॉलेजों की दिशा में काम शुरू कराया है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि जामताड़ा जैसे छोटे जिले में भी जल्द मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जाएगी, जिससे स्थानीय स्तर पर डॉक्टर तैयार होंगे और लोगों को बेहतर इलाज मिल सकेगा। अपने संबोधन में डॉ. अंसारी ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि लालचंडीह से बख्तरफा तक एक नई हाईवे सड़क का निर्माण जल्द कराया जाएगा। इससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। उन्होंने बताया कि इस परियोजना को लेकर विभाग को आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं और जल्द ही इसकी स्वीकृति भी मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने भी मंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि वे हमेशा गरीबों की आवाज सुनते हैं और उनका सम्मान करते हैं। सभा के दौरान मंत्री ने भाजपा पर तीखा हमला जारी रखते हुए कहा कि पार्टी विकास की राह से भटक चुकी है और समाज में नफरत फैलाने का काम कर रही है। उन्होंने लोगों से एकता बनाए रखने और विकास के मार्ग पर आगे बढ़ने की अपील की। इस अवसर पर निशपटी हसदा, बीरबल अंसारी, मुख्तार अंसारी सहित कई गणमान्य लोग एवं युवा कार्यकर्ता मौजूद थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button