जालौन

डकोर थाने की कमान इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह के हाथों में सख्त कानून व्यवस्था का दिया संदेश

 अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई जनता से सीधे संपर्क की अपील

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
उरई (जालौन)। जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने अहम प्रशासनिक निर्णय लेते हुए डकोर थाने की जिम्मेदारी इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह को सौंप दी है। रविवार देर रात जारी आदेश के बाद सोमवार को इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह ने विधिवत रूप से डकोर थाने का कार्यभार ग्रहण कर लिया। उनके पदभार संभालते ही क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर नई उम्मीदों का संचार हुआ है।
इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह का पुलिस सेवा में अनुभव काफी समृद्ध रहा है। वर्ष 2013 बैच के सब-इंस्पेक्टर के रूप में उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी। शुरुआती दौर से ही उन्होंने अपनी कार्यशैली अनुशासन और जिम्मेदारी के प्रति समर्पण से अधिकारियों का विश्वास जीता। कई थानों में कार्य करते हुए उन्होंने कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ अपराध नियंत्रण में भी प्रभावी भूमिका निभाई। उनकी उत्कृष्ट सेवा और कर्तव्यनिष्ठा को देखते हुए वर्ष 2022 में उन्हें पदोन्नत कर इंस्पेक्टर बनाया गया। इसके बाद उन्होंने कानपुर, बरथना सहित विभिन्न जनपदों में बतौर इंस्पेक्टर कार्य किया और हर जगह अपनी मजबूत पकड़ और बेहतर प्रशासनिक क्षमता का परिचय दिया। डकोर में तैनाती से पहले वे करीब 8 महीने तक ललितपुर में सेवाएं दे रहे थे। उनका गृह जनपद रायबरेली है जहां से उन्होंने अपने पुलिस जीवन की नींव रखी और आज एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी तक पहुंचे हैं। चार्ज संभालने के बाद इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह ने सबसे पहले थाने के समस्त स्टाफ के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे पूरी ईमानदारी पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। साथ ही उन्होंने टीमवर्क और आपसी तालमेल को मजबूत करने पर भी विशेष जोर दिया। पत्रकारों से बातचीत में इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि डकोर क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और कानून का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने क्षेत्र की जनता से अपील करते हुए कहा कि यदि उन्हें कहीं भी कोई संदिग्ध या गलत गतिविधि नजर आए तो बगैर झिझक सीधे उनसे संपर्क करें। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि हर सूचना पर वे स्वयं मौके पर पहुंचकर निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। उनके इस सख्त और स्पष्ट रुख से यह साफ हो गया है कि डकोर में कानून व्यवस्था को लेकर अब कोई समझौता नहीं होगा। नई जिम्मेदारी संभालते ही इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह ने यह स्पष्ट कर दिया है कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और जनता का विश्वास बनाए रखना है। उनके नेतृत्व में डकोर थाना क्षेत्र में अपराध पर लगाम लगने और कानून व्यवस्था सुदृढ़ होने की उम्मीदें और भी प्रबल हो गई हैं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button