ललितपुर
रिजर्व पुलिस लाइन्स में नवनिर्मित सम्मेलन कक्ष का भव्य उद्घाटन
सेवानिवृत्त कर्मियों को मिला सम्मान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। रिजर्व पुलिस लाइन्स परिसर में स्थित सम्मेलन कक्ष के जीर्णोद्धार कार्य पूर्ण होने के उपरांत मंगलवार को पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक द्वारा उसका विधिवत उद्घाटन किया गया। खास बात यह रही कि उद्घाटन सेवानिवृत्त हो रहे पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों के हाथों फीता कटवाकर और शिला पट्टिका का अनावरण कर कराया गया, जिससे कार्यक्रम भावनात्मक और यादगार बन गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह नया सम्मेलन कक्ष विभागीय बैठकों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और विभिन्न गोष्ठियों के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे पुलिस कार्यप्रणाली में और अधिक दक्षता, पारदर्शिता और समन्वय सुनिश्चित होगा। इस अवसर पर सेवानिवृत्त हो रहे पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को उनके लंबे और सराहनीय सेवा काल के लिए सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और सुखद जीवन की कामना करते हुए उनके योगदान को सराहा। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह, क्षेत्राधिकारी लाइन सुनील कुमार भारद्वाज, मुख्य अग्निशमन अधिकारी तवारक हुसैन, प्रतिसार निरीक्षक जगदीश चन्द्र सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं सेवानिवृत्त हो रहे उपनिरीक्षक सुरेश चन्द्र, उपनिरीक्षक रामशंकर और फॉलोवर सियाराम को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।



