बेतुल

बैतूल नगर पालिका ने रचा इतिहास, पांच दिन में करीब एक करोड़ की हुई रिकॉर्ड वसूली

26 से 30 मार्च तक 62.60 लाख, 31 मार्च को 37.08 लाख की वसूली

वित्तीय वर्ष 2025-26 में 94 प्रतिशत राजस्व वसूली दर्ज
विधायक हेमंत खंडेलवाल, अध्यक्ष पार्वतीबाई बारस्कर के निर्देशन में अभियान सफल
मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने राजस्व टीम को दी बधाई, आगे भी ऐसे ही कार्य के निर्देश
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
बैतूल। नगर पालिका परिषद बैतूल ने राजस्व वसूली में सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ते हुए नया इतिहास बना दिया है। विधायक हेमंत खंडेलवाल और नगर पालिका अध्यक्ष पार्वतीबाई बारस्कर के निर्देशन में तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी की निगरानी में चलाए गए अभियान के तहत 26 मार्च से 30 मार्च तक 62.60 लाख रुपए की वसूली की गई। इसके बाद 31 मार्च 2026 को एक ही दिन में 37.08 लाख रुपए की वसूली कर कुल राशि 99.68 लाख रुपए तक पहुंचा दी गई।
इस तरह पांच दिनों में लगभग एक करोड़ रुपए की रिकॉर्ड वसूली दर्ज की गई। नगर पालिका द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 में कुल 94 प्रतिशत राजस्व वसूली हासिल की गई, जो अब तक की सबसे उल्लेखनीय उपलब्धि मानी जा रही है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी बैतूल ने इस उपलब्धि पर राजस्व शाखा के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी है। साथ ही भविष्य में भी इसी तरह प्रभावी कार्य करते हुए राजस्व वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
राजस्व निरीक्षक, नगर पालिका परिषद बैतूल ने बताया कि सुनियोजित अभियान और सतत मॉनिटरिंग के कारण यह सफलता संभव हो सकी है।
– सीएमओ नवनीत पांडेय की कार्रवाई के बाद राजस्व वसूली में आया उछाल
गौरतलब है कि राजस्व शाखा में लापरवाही सामने आने के बाद सीएमओ नवनीत पांडेय ने सख्त रुख अपनाते हुए गैरहाजिर कर्मचारियों पर कार्रवाई की थी। वेतन रोकने और नोटिस जारी करने जैसे कदमों के बाद कर्मचारियों की कार्यप्रणाली में तेजी आई, जिसका सीधा असर राजस्व वसूली पर दिखाई दिया। अधिकारियों का मानना है कि समयबद्ध निगरानी और सख्त प्रशासनिक रुख के चलते यह उपलब्धि संभव हो सकी है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी नवनीत पांडेय ने संकेत दिए हैं कि आगे भी इसी तरह सख्ती जारी रहेगी और लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी, ताकि नगर पालिका की आय बढ़े और नागरिकों को बेहतर सेवाएं मिल सकें।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button