
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। जिले में ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए बरेली के SSP अनुराग आर्य ने सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसी क्रम में शनिवार को जिलेभर में सार्वजनिक स्थलों और धर्मस्थलों पर लगे लाउडस्पीकरों की व्यापक जांच की गई।
कार्रवाई के दौरान नियमों का उल्लंघन करते मिले 95 लाउडस्पीकरों को तत्काल उतरवा दिया गया।
अभियान के तहत पुलिस अधिकारियों ने बड़े स्तर पर चेकिंग की। सीओ स्तर के अधिकारियों ने 98 स्थानों का निरीक्षण किया, जबकि थाना प्रभारियों ने 389 स्थानों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की जांच की। कुल 892 स्थानों पर की गई इस कार्रवाई में 193 जगहों पर लाउडस्पीकर की आवाज तय मानकों से अधिक पाई गई, जिसे मौके पर ही कम कराकर नियमों के अनुरूप कराया गया।
SSP अनुराग आर्य के निर्देशानुसार जिले में हर शनिवार को ध्वनि विस्तारक यंत्रों की जांच का अभियान चलाया जा रहा है, ताकि आमजन को ध्वनि प्रदूषण से राहत मिल सके और उच्च न्यायालय व शासन के निर्देशों का पालन सुनिश्चित हो।
कार्रवाई के दौरान थाना क्षेत्रों में भी व्यापक एक्शन देखने को मिला। फरीदपुर में सबसे ज्यादा 16 लाउडस्पीकर हटाए गए। इसके अलावा शेरगढ़ में 14, किला, फतेहगंज पूर्वी और हाफिजगंज में 10-10, नवाबगंज में 9, बारादरी और बिशारतगंज में 4-4, बिथरी चैनपुर और भोजीपुरा में 3-3, जबकि आंवला, भमोरा, फतेहगंज पश्चिमी, भुता, बहेड़ी और देवरनियां में 2-2 लाउडस्पीकर उतरवाए गए।
पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि SSP अनुराग आर्य के निर्देश पर आगे भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



