
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
उरई (जालौन)। जनपद जालौन में 4 अप्रैल 2026 की शाम हुई बेमौसम बारिश और भीषण ओलावृष्टि ने किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। इस प्राकृतिक आपदा के बाद सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और किसानों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
विधायक ने कुठौंद और माधौगढ़ ब्लॉक के दर्जनभर गांवों का निरीक्षण किया, जिनमें नवासी, पण्डितपुर, मालपुर, नौरोजपुर, नहीली, मऊ कनार, जुगराजपुर, रणधीरपुर, टिकरी, खरमुखा, लोहाई दिवारा तथा भदेख सहित अन्य गांव शामिल हैं। इसके अलावा जालौन ब्लॉक के सिकरी राजा, रनवा, देवरी और उदोतपुरा गांव भी प्रभावित हुए हैं।
ओलावृष्टि से गेहूं, सरसों, चना समेत कई फसलें बर्बाद हो गई हैं, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति गंभीर हो गई है। इसको लेकर विधायक गौरी शंकर वर्मा ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा दिलाने की मांग की है।
उन्होंने प्रशासन को निर्देशित किया है कि प्रभावित क्षेत्रों का जल्द सर्वे कर वास्तविक नुकसान का आंकलन किया जाए। विधायक ने कहा कि शासन की राहत योजनाओं के तहत किसानों को उचित मुआवजा दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
विधायक ने भरोसा दिलाया कि इस संकट की घड़ी में किसानों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और उनकी हर संभव मदद सुनिश्चित की जाएगी।



