ललितपुर
श्रद्धा भावना के साथ मनाया गया गुरु अर्जन देवजी का प्रकाश पर्व
गुरुद्वारा साहिब में सजी संगत

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। श्रीगुरुसिंह सभा गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के तत्वाधान में पंचम सिख गुरु, श्रीगुरु अर्जनदेवजी का प्रकाश पर्व गुरुद्वारा साहिब लक्ष्मीपुरा में श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ मनाया गया। सुबह से ही गुरुद्वारे में धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में संगत ने भाग लिया। शुरुआत सुबह नितनेम साहिब के पाठ से हुई, जिसके उपरांत स्त्री साध संगत द्वारा गुरुबाणी का पाठ किया गया। साप्ताहिक पाठ साहिब की समाप्ति के बाद लंगर सेवा का आयोजन सरदार बलदेव सिंह एवं चरणजीत सिंह परिवार द्वारा किया गया, जिसमें संगत ने प्रसाद ग्रहण किया। मुख्य ग्रंथी ज्ञानी दलजीत सिंह ने गुरुबाणी कीर्तन एवं कथा के माध्यम से गुरु अर्जनदेवजी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उनका जन्म 15 अप्रैल 1563 को पंजाब के गोइंदवाल में हुआ था। उनके पिता गुरु रामदासजी चौथे सिख गुरु तथा नाना गुरु अमरदासजी तीसरे सिख गुरु थे। उन्होंने बताया कि गुरु अर्जन देवजी ने अमृतसर में श्रीहरमंदिर साहिब (स्वर्ण मंदिर) की नींव रखवाई और गुरु ग्रंथ साहिब का संपादन भाई गुरदास के सहयोग से किया। अध्यक्ष ओंकार सिंह सलूजा ने कहा कि गुरु अर्जन देवजी का जीवन त्याग, सेवा और समर्पण का प्रतीक है, जिससे समाज को प्रेरणा लेनी चाहिए। वहीं वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरविंदर सिंह सलूजा ने गुरु ग्रंथ साहिब के संपादन एवं गुरुवाणी के महत्व पर प्रकाश डाला। इस दौरान मनजीत सिंह (मंत्री), परसन सिंह, जगजीत सिंह बॉबी, सतनाम सिंह भाटिया, गुनबीर सिंह, सुरजीत सिंह बैंक, गौरव सिंह, मैनेजर केदार सिंह, पिंटू छोटू चौपड़ा, अरविंदर सिंह सागरी, हरजीत सिंह, अवतार सिंह सहित बड़ी संख्या में संगत उपस्थित रही। संचालन महामंत्री सुरजीत सिंह सलूजा द्वारा किया गया।



