गाजियाबाद
बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती पर भव्य शोभायात्रा
मनीष डागर व सभासद लज्जा देवी के प्रयासों से जुटे सैकड़ों कार्यकर्ता

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के उपलक्ष्य में रविवार को लोनी क्षेत्र में एक भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया।जो निस्तौली मार्ग स्थित आर्यन फार्म से शुरू हुई इस यात्रा को भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष (ओबीसी मोर्चा) डॉ. प्रमेन्द्र जांगड़ा एवं भाजपा नेता अनिल प्रमुख ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. प्रमेन्द्र जांगड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने समाज के वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों को मुख्यधारा में लाने के लिए ऐतिहासिक कार्य किए। उन्होंने संविधान के माध्यम से देश को समानता और न्याय का मजबूत आधार प्रदान किया। उनके विचार आज भी समाज को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।
शोभायात्रा बंथला मार्ग, लोनी तिराहा और दिल्ली-सहारनपुर मार्ग से होते हुए अंबेडकर पार्क (दो नंबर बस स्टैंड) पर जाकर संपन्न हुई। यात्रा में सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता, युवा, और बुजुर्ग शामिल हुए। हाथों में तिरंगे और ‘जय भीम’ के झंडे लिए लोग पूरे उत्साह के साथ शामिल रहे, वहीं डीजे की धुन पर युवा झूमते नजर आए और “जय भीम”, “बाबा साहब अमर रहें” जैसे नारों से माहौल गूंजता रहा।
अंबेडकर पार्क पहुंचने पर नेताओं ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर आयोजक भाजपा के नवनियुक्त जिला मंत्री मनीष डागर एवं वार्ड 7 की सभासद लज्जा देवी ने अतिथियों का स्वागत कर उन्हें बाबा साहब की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया।
पत्रकारों से बातचीत में भाजपा नेता अनिल प्रमुख ने कहा कि बाबा साहब के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता और ऐसे कार्यक्रम समाज में एकता का संदेश देते हैं।जिला महामंत्री अनूप बैसला ने कम समय में भव्य आयोजन के लिए मनीष डागर और उनकी टीम की सराहना की।गौरतलब है कि इस शोभायात्रा में भाजपा जिलाध्यक्ष और स्थानीय विधायक शामिल नहीं हुए, इसके बावजूद मनीष डागर और सभासद लज्जा देवी के प्रयासों से सैकड़ों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को सफल बना दिया।
इस अवसर पर डॉ. प्रमेन्द्र जांगड़ा, अनिल प्रमुख, मनीष डागर, अनूप बैसला, सत्येंद्र शर्मा, लज्जा देवी, राहुल, सुरेंद्र प्रजापति सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।



