जालौन

ग्राम निधि में हुई लूट का खुलासा होते ही डीएम गठित जांच टीम

महेवा विकासखंड की अनेकों ग्राम पंचायतों में ग्राम निधि से सगे संबंधियों पर की धन वर्षा

विकास कार्य कागजों में, कार्यवाही हवा में, जिम्मेदार मौज काट रहे
 जिम्मेदारों के गठजोड़ पर सवाल, जमीनी पड़ताल में खुला खेल
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
उरई (जालौन)। जनपद जालौन के विकासखंड महेवा में ग्राम पंचायतों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्राम प्रधान और सचिव की मिलीभगत से ग्राम निधि के फस्र्ट खाते से खुलेआम सरकारी धन का बंदरबांट किया जा रहा है। विगत दिनों कई ऐसे मामले सामने आए हैं। जहां नियमों को ताक पर रखकर निजी खातों में भुगतान कर लाखों रुपये की हेराफेरी की गई है। यह साफ तौर पर वित्तीय नियमों की अनदेखी और सरकारी धन के दुरुपयोग की और इशारा करता है। विकासखंड महेवा की इन ग्राम पंचायतों में सामने आई अनियमितताएं केवल कुछ उदाहरण भर हैं। बड़ा सवाल यह है कि जिम्मेदार अधिकारी आखिर कब तक चुप्पी साधे रहेंगे। यदि समय रहते निष्पक्ष जांच नहीं हुई, तो ग्राम निधि की यह लूट यूं ही जारी रहेगी और विकास कार्य सिर्फ कागजों तक सीमित रह जाएगा। डीएम राजेश कुमार पाण्डेय ने गठित टीम से तीन दिवस के अंदर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, दोषियों के विरुद्ध कार्यवाही होगी।
खुलासा-1 ग्राम पंचायत हथनौरा
ग्राम पंचायत हथनौरा में प्रधान मुन्नी देवी के ससुर हरेंद्र सिंह (रिटायर सचिव) पेंशनभोगी के खाते में सीसी, इंटरलॉकिंग, टाइल्स, रंगाई, पुताई, लाइट फिटिंग,साफ सफाई के नाम पर लाखों की धनराशि निकल ली,साथ ही अपने सगे रिश्तेदार कि चैहान टेंडर्स नामक फर्म में बिना कार्य कराए फर्जी भुगतान किए गए साथ ही पंचायत सहायक का तीन माह का मानदेय भी फर्म के नाम कर दिया।
खुलासा-2 ग्राम पंचायत बम्हौरा
ग्राम पंचायत बम्हौरा में ग्राम प्रधान सुरेन्द्र सिंह के पुत्र वीर सिंह को गौपालक बनाने के साथ साथ ग्राम निधि के कार्यों में मजदूरी का फर्जी भुगतान किया गया है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में हैंडपंप मरम्मत,गौशाला में साफ सफाई,झाड़ी सफाई,मिट्टी भराई के नाम पर 209500 रुपये,वित्तीय वर्ष 2025-26 में भी उक्त कार्यों के नाम पर 80732 रुपये का भुगतान हुआ। ग्रामीणों के मुताबिक प्रधान और रोजगार सेवक कामिनी देवी का भाई हरिश्चंद्र अपनी अपनी फर्म का स्वयं संचालन करते हैं।
खुलासा-3 ग्राम पंचायत लौना
ग्राम पंचायत लौना में प्रधान के पुत्र शिवेंद्र सिंह के खाते में वित्तीय वर्ष 2023- 24 में हैंडपंप मरम्मत, शौचालय मरम्मत, बाउंड्रीबाल निर्माण, प्रकाश की व्यवस्था हेतु, पंचायत भवन में लाइट फिटिंग हेतु, इंटरलॉकिंग, पानी टंकी फिटिंग, अंत्येष्टि स्थल में कुशल कारीगर का भुगतान, सीसी निर्माण और जेसीबी द्वारा तालाब की खुदाई में मजदूरी के नाम पर लगभग आठ लाख रुपए का भुगतान किया गया है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में भी प्रधान के पुत्र के खाते में उक्त कार्यों के सापेक्ष ही ग्राम निधि से लगभग एक लाख का फर्जी भुगतान तथा वित्तीय वर्ष 2025- 26 में एक लाख से ऊपर का फर्जी भुगतान किया गया है। सचिवालय में लाइटफिटिंग के नाम पर एक लाख 80 हजार, कुर्सी, मेज की खरीद करने के नाम पर 43 हजार रुपये का भुगतान किया गया है। गौरतलब है कि अपलोड किए गए बिल हाथों से लिखे हुए हैं। दो दिन पहले ग्रामीणों की शिकायत पर डीएम ने जांच के आदेश दिए थे।
खुलासा-4 ग्राम पंचायत पड़री मुस्तकिल
ग्राम पंचायत पड़री मुस्तकिल के प्रधान शिवसिंह ने अपने पुत्र मंगल सिंह के खाते में जून-2025 को हैंडपंप मरम्मत मिस्त्री के नाम पर 18 हजार,जून 2025 को ही नरहान रोड पर झाड़ी सफाई हेतु 30 हजार, अक्टूबर 2025 को जमुना जी बाढ़ के दौरान व्यवस्था हेतु 37 हजार 800, अक्टूबर 2025 को नरहान दहलखंड मार्ग पर झाड़ी सफाई हेतु 17 हजार 500 और अक्टूबर 2025 को ही हैंडपंप मरम्मत हेतु 8 हजार रूपये की निकासी कर ली। यह आंकड़ा वित्तीय वर्ष 2025-26 का है।
खुलासा-5 ग्राम पंचायत शाहजहांपुर
ग्राम पंचायत शाहजहांपुर में ग्राम प्रधान उदयवीर ने अपने सगे दो भाइयों किरण बाबू, बलवीर पांचाल और भतीजे ऋषभ को गौपालक दिखाकर फर्जी तरह भुगतान किया। ग्राम प्रधान ने स्वयं के खाते में वित्तीय वर्ष 2022-23 में गांव में सफाई हेतु, चुनाव कार्य हेतु, हैंडपंप मरम्मत हेतु, जनरेटर, प्रशासनिक मद, गौशाला मानदेय, पंचायत भवन में सफाई, मिट्टी भराई, कूड़ा गाड़ी खरीद हेतु विभिन्न प्रकार से लाखों रुपये अपने खाते में डाल कर गबन कर लिया। वहीं फर्म संचालक भारत सिंह को गोपालक दिखाकर उसके खाते में मानदेय के साथ-साथ लगभग सात लाख रूपये की मजदूरी की धनराशि डालकर बंदरबाट किया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button