बाराबंकी

बाराबंकी महोत्सव में साइबर सेल ने डिजिटल अपराधों से किया सचेत

ओटीपी, बैंक धोखाधड़ी और सोशल मीडिया हैकिंग से बचने के उपाय बताए

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 

बाराबंकी के नगर पालिका प्रांगण में आयोजित बाराबंकी महोत्सव में 11 अप्रैल 2026 को साइबर सेल की टीम ने एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महोत्सव में आए आमजन को डिजिटल अपराधों के बढ़ते खतरों के प्रति सचेत करना था।
साइबर टीम ने वर्तमान समय में बढ़ रहे डिजिटल फ्रॉड, ओटीपी शेयरिंग, बैंक धोखाधड़ी और सोशल मीडिया हैकिंग जैसे खतरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने इन अपराधों से बचाव के लिए महत्वपूर्ण सुरक्षा मानकों पर प्रकाश डाला।
जनता को बताया गया कि वे अपना ओटीपी (OTP) और पासवर्ड कभी किसी के साथ साझा न करें, क्योंकि बैंक, पुलिस या कोई भी प्रतिष्ठित संस्था ऐसी गोपनीय जानकारी नहीं मांगती है। इसके अतिरिक्त, अनजान कॉल्स (Fake Calls) से सावधान रहने और व्हाट्सएप या एसएमएस के माध्यम से प्राप्त होने वाले किसी भी संदिग्ध लिंक या एपीके (APK) फाइल को डाउनलोड न करने की सलाह दी गई।
ऑनलाइन भुगतान करते समय विशेष सावधानी बरतने पर जोर दिया गया। टीम ने स्पष्ट किया कि क्यूआर (QR) कोड को स्कैन करने का अर्थ पैसा भेजना होता है, न कि प्राप्त करना। साथ ही, स्क्रीन शेयरिंग ऐप्स से दूर रहने और सोशल मीडिया पर अपनी निजी जानकारी सार्वजनिक न करने की अपील की गई।
साइबर सेल ने विशेष रूप से ‘न्यूड वीडियो कॉल’ और ‘ब्लैकमेलिंग स्कैम’ के प्रति सचेत किया। उन्होंने सलाह दी कि किसी भी अनजान नंबर से आने वाली वीडियो कॉल को न उठाएं और मोबाइल ऐप्स को केवल आधिकारिक प्ले स्टोर या ऐप स्टोर से ही डाउनलोड करें।
साइबर टीम ने यह भी बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है, तो उसे बिना देरी किए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करना चाहिए या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज करानी चाहिए।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button