सिंगरौली

उप स्वास्थ्य केंद्र करामी का संयुक्त दल ने किया संबलन पर्यवेक्षण भ्रमण

सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के दिए निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली –राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से उप स्वास्थ्य केंद्र करामी (विकासखंड वैढ़न) का वरिष्ठ अधिकारियों और विशेषज्ञों के संयुक्त दल द्वारा संबलन पर्यवेक्षण भ्रमण (सपोर्टिव सुपरवीजन) किया गया। इस संयुक्त निरीक्षण दल में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. उमेश कुमार सिंह, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. मनोज गौतम, मुख्य ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी (सीबीएमओ) डॉ. अभय रंजन सिंह एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुधांशु मिश्र शामिल रहे।
भ्रमण के दौरान संयुक्त दल द्वारा संस्थान में उपलब्ध सभी बुनियादी व आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं का गहनता से जायजा लिया गया। निरीक्षण में मुख्य रूप से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति, नियमित टीकाकरण, प्रसव पूर्व एवं प्रसवोत्तर देखभाल, परिवार कल्याण सेवाओं की स्थिति तथा अस्पताल में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता व वितरण प्रणाली की समीक्षा की गई। इसके साथ ही दल ने केंद्र में अभिलेख संधारण (रिकॉर्ड रखरखाव), साफ-सफाई की स्थिति और संक्रमण नियंत्रण के पुख्ता इंतजामों का भी विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों और विशेषज्ञों के दल ने उप स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ एएनएम एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों से सीधे चर्चा की। सेवाओं की गुणवत्ता में और अधिक सुधार लाने के लिए दल द्वारा मौके पर ही आवश्यक मार्गदर्शन व तकनीकी सहयोग प्रदान किया गया।
अधिकारियों द्वारा मौके पर विभिन्न स्वास्थ्य पंजियों और अभिलेखों का भौतिक सत्यापन भी किया गया। अभिलेखों में पाई गई कमियों को दूर करने के लिए आवश्यक सुधार संबंधी कड़े निर्देश जारी किए गए। दल ने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित करते हुए कहा कि ग्रामीण और स्थानीय समुदाय को समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी।
इस संबलन पर्यवेक्षण भ्रमण का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य प्रणाली की कमियों को दूर कर उसे जमीनी स्तर पर मजबूत बनाना है ताकि प्रत्येक नागरिक तक शासकीय योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुँच सके।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button