
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : लोनी के ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक मुकदमे के सिलसिले में किसान नेता रामनरेश त्यागी को सोमवार तड़के करीब 4 बजे मंडोला स्थित उनके आवास से हिरासत में ले लिया। इस कार्रवाई की सूचना मिलते ही क्षेत्र के कई गांवों के दर्जनों किसान ट्रैक्टरों पर सवार होकर थाने पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।किसानों ने थाने के बाहर धरना देते हुए साफ कहा कि जब तक रामनरेश त्यागी को रिहा नहीं किया जाएगा, उनका प्रदर्शन जारी रहेगा। करीब 12 घंटे तक चले किसानों के इस विरोध के बाद आखिरकार शाम लगभग 4 बजे पुलिस ने त्यागी को रिहा कर दिया।बताया जा रहा है कि मंडोला, पंचलोक, मीरपुर और नानू समेत कई गांवों के किसान पिछले करीब 10 वर्षों से अपनी अधिग्रहित भूमि के मुआवजे की मांग को लेकर आवास विकास परिषद के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं। इस मुद्दे पर कई बार प्रशासनिक अधिकारियों और मुख्यमंत्री स्तर तक लखनऊ वार्ताएं भी हुईं, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका।किसानों का आरोप है कि आंदोलन को दबाने के उद्देश्य से आवास विकास परिषद के अधिकारियों द्वारा ट्रॉनिका सिटी थाने में कई किसानों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए गए हैं, जिनमें से अधिकांश को वे झूठा बता रहे हैं।
थाना प्रभारी प्रभु दयाल ने बताया कि रामनरेश त्यागी के खिलाफ दर्ज मामले में पूछताछ के लिए उन्हें हिरासत में लिया गया था और आवश्यक कार्रवाई के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया।

