नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कैराना। कोतवाली क्षेत्र के गांव बीबीपुर हटिया में महज 400 रुपये के लेन-देन को लेकर पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बड़े भाई और भाभी पर छोटे भाई व उसकी पत्नी के साथ लाठी-डंडों से मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। पीड़ित ने कोतवाली कैराना में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
गांव निवासी अरशद पुत्र लियाकत ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके बड़े भाई अफसर पुत्र अख्तर का उस पर 400 रुपये का लेन-देन था। आरोप है कि 14 अप्रैल की रात अफसर अपनी पत्नी मुन्नी के साथ रुपये लेने उसके घर पहुंचा। उस समय अरशद घर पर मौजूद नहीं था और उसकी पत्नी रजिया घर पर अकेली थी। तहरीर के अनुसार, अफसर ने रजिया से रुपये की मांग की, जिस पर उसने एक-दो दिन में पैसे देने की बात कही। इसी बात को लेकर अफसर और उसकी पत्नी मुन्नी भड़क गए और गाली-गलौच करते हुए रजिया के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि दोनों ने लाठी-डंडों से हमला कर उसे घायल कर दिया। अरशद का कहना है कि जब वह घर पहुंचा और बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की।पीड़ित के मुताबिक, भाई-भाभी जाते समय पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घटना के बाद परिवार सहमा हुआ है। अरशद ने कोतवाली कैराना में लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है और जांच के उपरांत आवश्यक विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

