जालौन

सीएचसी जालौन में बदइंतजामी उजागर तय समय से पहले बंद हुआ पर्चा काउंटर, मरीजों में आक्रोश

 दोपहर 2 बजे तक का नियम, 1.30 बजे ही गिरा शटरय दूर-दराज से आए मरीज बिना इलाज लौटे, मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
जालौन (उरई)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जालौन में स्वास्थ्य सेवाओं की अव्यवस्था एक बार फिर उजागर हुई है। शनिवार को पर्चा काउंटर निर्धारित समय से पहले बंद कर दिए जाने से दर्जनों मरीजों को बिना इलाज वापस लौटना पड़ा। इस लापरवाही को लेकर मरीजों और तीमारदारों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सहाव निवासी प्रशांत त्रिपाठी, जालौन के शिवाकांत, जीपुरा निवासी रामकुमार व हर्षित भदवां समेत कई लोग इलाज के लिए सीएचसी पहुंचे थे। आरोप है कि पर्चा काउंटर दोपहर करीब 1.30 बजे ही बंद कर दिया गया, जबकि शासन द्वारा निर्धारित समय दोपहर 2 बजे तक है। काउंटर बंद मिलने पर मरीजों में नाराजगी फैल गई। खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों से आए मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ी, जिन्हें लंबी दूरी तय करने के बावजूद इलाज नसीब नहीं हो सका। कई मरीजों ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सीएचसी जालौन में यह समस्या नई नहीं है। अक्सर पर्चा काउंटर समय से पहले बंद कर दिया जाता है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पीड़ित मरीजों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है और जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मरीजों और स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। अब देखना यह होगा कि स्वास्थ्य विभाग इस लापरवाही पर क्या कार्रवाई करता है और मरीजों को राहत कब तक मिलती है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button