बालाघाट
बालाघाट पुलिस की बडी कार्यवाही
अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क पर प्रहार, एपेक्स परपेट्रेटर तक पहुंचकर 09 आरोपी गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट(म0प्र0) : बालाघाट पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत पिछले दिनों थाना रामपायली पुलिस ने 21 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया था । जिसमें एक आरोपी बालाघाट का एवं दो आरोपी उड़ीसा राज्य के निवासी पाए गए थे।
विवेचना के दौरान गिरफ्तार आरोपियों से की गई कड़ी पूछताछ एवं तकनीकी विश्लेषण के आधार पर अवैध मादक पदार्थ तस्करी के एक बड़े अंतर्राज्यीय रैकेट का खुलासा हुआ, जो गांजा सप्लाई की श्रृंखला में “एपेक्स परपेट्रेटर (Apex Perpetrator)” की भूमिका में है। गठित SIT द्वारा मध्यप्रदेश के अलावा उड़ीसा, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ, राजस्थान एवं गुजरात राज्यों में कई स्थानो पर लगातार दबिश दी गई तथा लगभग 25,000 किलोमीटर की दूरी तय कर साक्ष्य संकलित किए गए। पूछताछ के दौरान प्राप्त सूचनाओं को जोड़ते हुए टीम ने क्रमबद्ध तरीके से आरोपियों तक पहुंच बनाई और कुल 09 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। अब आरोपियों के बैंक खातों की जांच कर वित्तीय लेन-देन (फाइनेंशियल ट्रेल) का भी विश्लेषण किया जा रहा है, प्राप्त संदिग्ध लेन देन होने पर वैधानिक कार्यवाही की जावेगी। वर्तमान में SIT द्वारा गिरफ्तार आरोपियों से सतत पूछताछ एवं बैंकिंग ट्रेल के गहन विश्लेषण के आधार पर अन्य संलिप्त व्यक्तियों एवं तस्करी से अर्जित संपत्ति की जानकारी एकत्रित की जा रही है। प्रकरण में आगे भी प्रभावी कार्यवाही जारी है।
विवेचना के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक होंडा यूनिकॉर्न मोटरसाइकिल, एक टाटा पिकअप 407 वाहन, 10 मोबाइल फोन एवं अतिरिक्त 2.1 किलोग्राम गांजा जप्त किया गया । गिरफ्तार आरोपी बालाघाट के अलावा उड़ीसा और राजस्थान के रहने वाले हैं ।



