कैराना

कैराना में अवैध मिट्टी खनन पर बड़ी कार्रवाई, जेसीबी व दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त

रात में जहानपुरा के जंगल में मिट्टी खनन पर छापा, कई वाहन चालक फरार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना। अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ तहसील प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए मंगलवार देर रात गांव जहानपुरा के जंगल क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। छापेमारी के दौरान एक जेसीबी मशीन और दो ट्रैक्टर-ट्रॉली को मौके से जब्त कर कोतवाली में खड़ा करा दिया गया। कार्रवाई की खबर फैलते ही खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया, जबकि कई वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में लंबे समय से बिना वैध अनुमति के मिट्टी खनन की शिकायतें मिल रही थीं। इसी के आधार पर एसडीएम कैराना शिवाजी यादव ने सख्त रुख अपनाते हुए तहसीलदार को कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही तहसील प्रशासन की टीम ने पुलिस बल के साथ संयुक्त रूप से गांव जहानपुरा के जंगल में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान टीम को मौके पर अवैध रूप से मिट्टी खनन होता मिला। प्रशासनिक टीम को देखते ही वहां मौजूद खनन कारोबारी और वाहन चालक अपने-अपने वाहन लेकर भागने लगे। हालांकि, टीम ने तत्परता दिखाते हुए गांव मन्नामाजरा निवासी सुफियान और समीर की दो ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा एक जेसीबी मशीन को कब्जे में ले लिया। जब्त किए गए सभी वाहनों को कोतवाली ले जाकर खड़ा करा दिया गया है, जहां आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन अब संबंधित लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी में जुटा है। तहसील प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन में लिप्त लोगों में खलबली मच गई है। अधिकारियों का कहना है कि शासन के निर्देशानुसार अवैध खनन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आमजन से भी अपील की गई है कि कहीं भी अवैध खनन की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button