कैराना
खुरगान में हरियाणा नार्कोटिक्स की दबिश, आरोपी फरार
एनडीपीएस एक्ट के मामले में स्थानीय पुलिस संग की कार्रवाई, आमद दर्ज कर लौट गई टीम
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना : एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में कार्रवाई करते हुए हरियाणा नार्कोटिक्स विभाग की टीम ने बुधवार सुबह गांव इस्सोपुर खुरगान में दबिश दी। हालांकि टीम के पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो गया, जिसके चलते उसे गिरफ्तार नहीं किया जा सका।
जानकारी के अनुसार, हरियाणा नार्कोटिक्स विभाग की टीम एएसआई नरेंद्र के नेतृत्व में कैराना कोतवाली पहुंची। यहां टीम ने विधिवत आमद दर्ज कराई और स्थानीय पुलिस को साथ लेकर गांव इस्सोपुर खुरगान में संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस टीम ने काफी देर तक आरोपी की तलाश में छानबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। बताया जा रहा है कि आरोपी को कार्रवाई की भनक लग गई थी,जिसके चलते वह पहले ही मौके से फरार हो गया। कार्रवाई पूरी करने के बाद नार्कोटिक्स विभाग की टीम बैरंग लौट गई। वहीं, पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर तलाश में जुटी हुई है।


