आईईएल स्थित नावाडाडीह गाँव में जेवर चमकाने का झांसा देकर ठगों ने सोने की अंगूठी लेकर हुआ फरार
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो। गोमिया प्रखंड के आईईएल थाना क्षेत्र के अंतर्गत नावाडाडीह ग्राम में ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहाँ ठगों ने एक महिला को जेवर चमकाने का झांसा देकर उसकी कीमती सोने की अंगूठी उड़ा ली। घटना के बाद उक्त परिवार और इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। जानकारी के अनुसार आइइएल गर्वमेंट कॉलोनी नावाडाड़ी फेज 1 निवासी पेंटर अरविंद की पत्नी बबिता देवी व बहन सोनम कुमारी बुधवार सुबह करीब 11 बजे जब दो छोटे बच्चों संग घर पर थी, दो अज्ञात युवक एक घर के पास पहुंचे। उन्होंने खुद को एक कंपनी का कर्मचारी बताते हुए दावा किया कि वे एक विशेष पाउडर और लिक्विड के माध्यम से पुराने और काले पड़े जेवरों को मिनटों में नया जैसा चमका सकते हैं। ठगों ने महिलाओं से हल्दी पाउडर मांगकर घोल बनाकर पहले घर के तांबे और पीतल के बर्तनों को मुफ्त में चमकाकर महिला का विश्वास जीता। फिर उसके पैरों के पायल को साफ़ किया। जब महिला को उनकी सफाई पर भरोसा हो गया, तो उन्होंने हाथ में पहने सोने की अंगूठी को भी चमकाने का ऑफर दिया। उन्होंने अपनी उंगली से सोने की अंगूठी निकालकर उन्हें दे दी। ठगों ने अंगूठी को एक केमिकल युक्त घोल में डाला, इसी दौरान उन्होंने बड़ी ही चतुराई से कुछ छोटे पत्रों के टुकड़ों को सोने अंगूठी बताकर पुडिया में भर दिया और महिला को कुछ देर इंतज़ार करने को कहा और रफूचक्कर हो गए। जब तक महिला को कुछ शक होता और वह अंगूठी चेक करती, तब तक दोनों ठग फरार हो चुके थे। पीड़ित महिला द्वारा शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हुए, लेकिन तब तक अपराधी काफी दूर निकल चुके थे। घटना की सूचना स्थानीय आइइएल थाना पुलिस और मुखिया प्रतिनिधि पिंटू पासवान आदि को दिया। पुलिस मौके पर पहुंच कर आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि ठगों का सुराग लगाया जा सके। वहीं स्थानीय लोगों के मुताबिक बताया जाता है कि ये ठग अक्सर खतरनाक रसायनों का उपयोग करते हैं, जो न केवल गहनों का वजन कम कर देते हैं, बल्कि उन्हें गायब करने में भी मदद करते हैं। इस तरह की घटना होने से क्षेत्र में लोग भयभीत महसूस कर रहे हैं।



