डीसी ने प्रखण्ड कार्यालय का किया निरीक्षण, योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर
DC inspected the block office, stressed on timely implementation of schemes.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिले की उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने शनिवार को पाकुड़िया प्रखंड कार्यालय का निरीक्षण कर मनरेगा, अबुआ आवास, पंचायत विकास और राजस्व कार्यों की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने योजनाओं की प्रगति, लंबित मामलों और आधारभूत संरचनाओं की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने प्रखंड कार्यालय भवन के रंग-रोगन एवं मरम्मत के लिए प्रस्ताव तैयार कर विभाग को भेजने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कार्यालय परिसर स्वच्छ, सुव्यवस्थित और जनसुलभ होना चाहिए, ताकि आम नागरिकों को बेहतर वातावरण में सेवाएं मिल सकें। अबुआ आवास योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिन आवासों की छत ढलाई पूरी हो चुकी है, उन्हें शीघ्र पूर्ण कर लाभुकों को हस्तांतरित किया जाए। अधूरे कार्यों को समय पर पूरा करने और लाभ सीधे लाभुकों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) द्वारा संचालित गतिविधियों की भी समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए। मनरेगा के तहत संचालित बिरसा हरित ग्राम योजना की समीक्षा में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए निर्धारित 250.5 एकड़ का लक्ष्य पूरा कर लिया गया है, जिसके तहत आम, कटहल, सागवान, गम्भार और अमरूद के पौधे लगाए गए हैं। उपायुक्त ने प्रखंड परिसर और विद्यालयों में लिनियर प्लांटेशन कराने के निर्देश दिए, ताकि हरियाली बढ़े और बेहतर वातावरण उपलब्ध हो। राजस्व कार्यों की समीक्षा के दौरान म्यूटेशन और ऑनलाइन सुधार से जुड़े मामलों की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने बताया कि कोई भी म्यूटेशन लंबित नहीं है, जिस पर उपायुक्त ने संतोष जताया। उन्होंने सभी कर्मियों को पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने प्रखंड क्षेत्र में अनुपयोगी एवं जर्जर भवनों की सूची तैयार करने और आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त भवनों के पुनर्निर्माण हेतु प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया, ताकि भविष्य में वहां मल्टीपरपज हॉल का निर्माण किया जा सके। उपायुक्त ने कहा कि योजनाओं की सफलता कागजी नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर उनके प्रभावी क्रियान्वयन से तय होती है। सभी अधिकारियों को पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करनी होगी। निरीक्षण के दौरान विशेष कार्य पदाधिकारी त्रिभुवन कुमार सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी सोमनाथ बनर्जी सहित कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।



