
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गाजियाबाद : चित्रकूट के लालापुर स्थित माँ आशावर माता मंदिर में आज जय बजरंग सेना के नेतृत्व में बड़ा प्रदर्शन देखने को मिला। संगठन की राष्ट्रीय प्रभारी अर्चना नितिन उपाध्याय के साथ हजारों की संख्या में महिलाएं और पुरुष, साथ ही आसपास के 84 गांवों से आए श्रद्धालु मंदिर परिसर पहुंचे और पूजा-अर्चना की। इस दौरान तथाकथित महंत भरत दास के खिलाफ जोरदार विरोध जताया गया।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि भरत दास पर जिले में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, लेकिन राजनीतिक संरक्षण के चलते अब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। लोगों का कहना है कि वह जबरन वसूली, जमीन कब्जा और महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार जैसी गतिविधियों में शामिल रहा है।
अर्चना उपाध्याय ने बताया कि दो दिन पहले उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पुलिस प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की थी। साथ ही पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी से मुलाकात कर स्थिति से अवगत कराया गया, लेकिन अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
आज के प्रदर्शन में भीड़ के दबाव के बीच भरत दास के समर्थक मौके से फरार हो गए। इस दौरान पूर्व पुजारी को फिर से मंदिर की जिम्मेदारी सौंप दी गई।
अर्चना उपाध्याय ने प्रशासन को 15 दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो सड़क और रेल मार्ग जाम किया जाएगा। उन्होंने पांच प्रमुख मांगें रखीं, जिनमें भरत दास की गिरफ्तारी, जिला बदर की कार्रवाई, मंदिर प्रबंधन के लिए प्रशासनिक अधिकारी की नियुक्ति, सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना और नई कमेटी का गठन शामिल है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भरत दास राजनीतिक संबंधों का इस्तेमाल कर क्षेत्र में भय का माहौल बनाए हुए है, जिससे स्थानीय लोग मंदिर आने से भी डरते हैं। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर भी सवाल उठाए गए।
फिलहाल, इस पूरे मामले में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, जबकि क्षेत्र में स्थिति को लेकर लोगों में आक्रोश बना हुआ है।

